शाहजहांपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा कराने में सात केंद्र बढ़ सकते हैं। पिछले वर्ष की तरह केंद्रों की संख्या 126 तक पहुंच सकती है। प्रस्तावित केंद्रों पर अधिक छात्र आवंटन के चलते केंद्रों की संख्या बढ़ना तय माना जा रहा है।
जिले में 119 प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों के लिए 118 से ज्यादा प्रत्यावेदन आए थे। उनकी जांच तहसीलस्तरीय कमेटी के जरिये कराने के निर्देश दिए गए। मंगलवार को डीएम की अध्यक्षता में परीक्षा निर्धारण समिति की बैठक में केंद्रों को लेकर चर्चा हुई। डीएम ने केंद्रों के पुन: निरीक्षण करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान कुछ केंद्रों में अधिक छात्र आवंटन की बात सामने आई। गत वर्ष की तुलना में परीक्षार्थी भी बढ़े हैं। ऐसे में लगभग सात से दस सेंटरों को बढ़ाया जा सकता है। गत वर्ष की तरह संख्या 126 या इससे ज्यादा तक पहुंच सकती है।
डीएम ने परीक्षा केंद्र बनाने व हटाने के लिए प्राप्त दावे एवं आपत्तियों पर विचार करने के बाद निर्देश दिए कि सभी मानक पूर्ण करने वाले स्कूल ही परीक्षा केंद्र बनाया जाए। उन्होंने कहा कि विशेष तौर पर जो नवीन परीक्षा केंद्र बनाए जा रहे हैं। उनका निरीक्षण एसडीएम स्तर से जरूर कराएं। बैठक में एडीएम प्रशासन रजनीश मिश्र, डीआईओएस हरिवंश कुमार, बीएसए दिव्या गुप्ता मौजूद रहीं।
-संसाधन पूरे नहीं करने पर हटाए जाएंगे नाम
-जिले के पांच से सात राजकीय हाईस्कूलों को प्रथम सूची में सेंटर बना दिया गया। इसमें सीसीटीवी और स्टाफ की कमी है। वहां पर संसाधन पूरे करने की व्यवस्था की जाएगी। कामयाबी नहीं मिलने पर सेंटर हटाए जाएंगे।