शाहजहांपुर। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने जनपद में शक्ति संवाद, समीक्षा बैठक, महिला जनसुनवाई कार्यक्रम किया। इसके बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं जिला कारागार का निरीक्षण किया। जनसुनवाई में चार घरेलू हिंसा, जमीनी, महिला उत्पीड़न और अपहरण के एक-एक मामले समेत 12 शिकायतें आईं।
अध्यक्ष ने समीक्षा बैठक में जनपद के विभिन्न विभागों से महिलाओं को दिए जा रहीं सुविधाओं के विषय में जाना और जनपद के अधिकारियों को निर्देश दिए। कहा कि सरकार से महिलाओं के उत्थान के लिए बहुत योजनाओं का संचालन किया जा रहा है, लेकिन अब भी बहुत से लोग वंचित हैं, जहां तक सरकार की योजनाएं नहीं पहुंच रही हैं। महिला जनसुनवाई के दौरान महिलाओं की समस्याओं को अध्यक्ष ने सुना। कुछ मामलों में अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों से खुद बात की और अन्य लोगों से बात कराई। उन्होंने सभी समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
घर में बंद कर पीटा और कपड़े फाड़े, रिपोर्ट दर्ज नहीं करने पर अध्यक्ष नाराज
थाना गढि़या रंगीन क्षेत्र के गांव में रहने वाली महिला घायल अवस्था में जनसुनवाई में पहुंची। बताया कि 27 अक्तूबर को वह घर के बाहर झाड़ू लगा रहीं थी। तभी खेत के रास्ते को लेकर चल रहे विवाद में पिता-पुत्र समेत तीन लोगों ने उसको अपने घर में खींचकर कमरे में बंद कर पिटाई की। उसके सिर पर धारदार वस्तु से हमला किया और उसके कपड़े फाड़ दिए। किसी तरह से वह मुक्त हुई। उसने डायल 112 पर कॉल की। थाने में पुलिस को तहरीर दी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसपर अध्यक्ष नाराज हो गईं और पुलिस अधिकारियों को मामले में तुरंत रिपोर्ट दर्ज कराकर जांच करने के निर्देश दिए।
महिलाओं संबंधित अपराध हो रहे कम
राज्य महिला आयोग की सदस्य ने बातचीत करते हुए कहा कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश बहुत हद तक सुरक्षित है। महिलाओं के साथ सड़क पर अपराध की घटनाएं नहीं घट रही हैं। स्वास्थ्य की दृष्टि से सरकार द्वारा महिलाओं को शिविर के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है। महिलाएं निर्भीक होकर अपनी शिकायत पुलिस व सरकार तक पहुंचा रही हैं । इस दौरान सीडीओ डॉ. अपराजिता सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी गौरव मिश्रा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
राजकीय मेडिकल कॉलेज और जिला कारागार का किया निरीक्षण
आयोग की अध्यक्ष ने राजकीय मेडिकल कॉलेज के निरीक्षण के दौरान कहा कि रसोई की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए और खाने की गुणवत्ता अच्छी रखी जाए। मरीज के साथ ज्यादा तीमारदार न आएं। जिससे मेडिकल कॉलेज में व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने मेडिकल कॉलेज में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। इसमें नवजात बालिकाओं की मां को बेबी किट देकर सम्मानित किया गया। जिला कारागार के निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने महिला बैरक की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि महिलाओं को आवश्यक कानूनी सहायता, स्वास्थ्य सुविधाएं एवं सुधारात्मक कार्यक्रमों का लाभ दिलाया जाए।
छात्राओं को आत्मनिर्भर होने के लिए किया प्रेरित
रोजा आईटीआई कॉलेज में मिशन शक्ति के तहत शक्ति संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने छात्राओं और महिलाओं को संबोधित किया और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।