शाहजहांपुर। शहर में होली का मतलब लाट साहब का जुलूस ही है, पूरा त्योहार ही इसके इर्द-गिर्द घूमता है। इस वजह से जिला और पुलिस प्रशासन को इसकी व्यवस्था बनाने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। वहीं, जुलूस आयोजकों को लाट साहब की तलाश के लिए खासी मेहनत करनी पड़ती है, तब यह आयोजन संपन्न हो पाता है। पिछली बार की तरह ही इस बार भी लाट साहब बनने के लिए मुरादाबाद के युवक को चुना गया है, जबकि स्वेच्छा से लाट साहब बनने की पेशकश करने वाले शहर के पांच युवाओं को नजरअंदाज कर दिया गया है।
सूत्रों का कहना है कि लाट साहब बनने के लिए मुरादाबाद से चयनित व्यक्ति छह मार्च को देर शाम शहर पहुंच जाएगा और उसे गोपनीय स्थान पर रखकर खातिरदारी शुरू कर दी जाएगी। लाट साहब बने व्यक्ति को आयोजन के बाद 21 हजार रुपये नकद, उसकी मर्जी के पांच कपड़े और जूते या चप्पल भेंट किए जाएंगे। पांच दिन उसकी मर्जी से ही बेहतर खानपान का इंतजाम रहेगा।
बदले गए लाट साहब के वाहन
आयोजकों ने लाट साहब के लिए पहले तय की गई भैंसा गाड़ियों को रिजेक्ट कर नई गाड़ियां तय कर एडवांस दे दिया है। इसमें लाट साहब की गाड़ी 18 हजार रुपये और उसके पीछे रंगों के ड्रम लेकर चलने वाली भैंसा गाड़ी 15 हजार रुपये में तय की गई है। दरअसल पहले जो गाड़ियां पांच-पांच हजार रुपये में तय हुई थीं, उनके भैंसा कमजोर थे, जिस कारण मोटे-तगड़े भैंसों वाली गाड़ियां तय की गई हैं, ताकि जुलूस में कोई व्यवधान न पैदा हो।
आज श्याम भक्त फूल, इत्र और अबीर-गुलाल से होली खेलेंगे
शाहजहांपुर। श्री श्याम सखी परिवार, श्री श्याम मित्र मंडल और श्री श्याम सेवा समिति की ओर से छह मार्च को रंगभरी एकादशी पर फाल्गुन महोत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर शुक्रवार को सुबह सात बजे बाबा बनखंडी नाथ मंदिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा के लिए बरेली से भजन गायक मुकेश सांवरिया को आमंत्रित किया गया है। इसके बाद श्याम भक्त फूल, इत्र और अबीर-गुलाल से होली खेलेंगे। शोभायात्रा का समापन प्रताप इंक्लेव स्थित खाटू श्याम मंदिर परिसर में होगा। संवाद