तिलहर। तीन युवकों ने पति के साथ जा रही महिला को रोककर छेड़छाड़ की। विरोध करने पर महिला के पति व उसके दोस्त से मारपीट की। मामले में तिलहर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नगर के मोहल्ला नई बस्ती निवासी इमरान सागर ने पुलिस को बताया कि तीन दिन पहले वह अपने दोस्त व उसकी पत्नी के साथ शाहजहांपुर से बाइक पर तिलहर लौट रहा था। तभी उन्हें हाईवे पर रास्ते में बाइक से आए तिलहर के चीनी मिल कॉलोनी निवासी अमित उपाध्याय, बहादुरगंज निवासी अभिनव व रचित तथा दो अन्य लोगों ने घेर लिया। उसके दोस्त की पत्नी पर अश्लील टिप्पणी करते हुए छेड़छाड़ शुरू कर दी। आरोप है कि प्रतिरोध करने पर आरोपितों ने तीनों लोगों को लाठी डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दौरान उनके 16 हजार पांच सौ रुपये और घड़ी कहीं गिर गए। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।