भूमिगत केबिल डालने के लिए खड़ी मशीन
- फोटो : POWAYAN
खुटार। नगर पंचायत की एनओसी लिए बिना ही आबादी के बीच एक मोबाइल टॉवर लगा दिया गया। अब टॉवर के लिए भूमिगत केबिल डाले जाने का काम किया जा रहा है। लोगों ने इससे अपने भवनों को खतरा जताते हुए जिलाधिकारी से मामले की शिकायत करते हुए नगर पंचायत अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाए हैं।
जिलाधिकारी को भेजी गई शिकायत में रामसरन, रामचंद्र, हरीशंकर सहित तमाम लोगों ने बताया कि खुटार के मोहल्ला देवस्थान में घनी आबादी के बीच नगर पंचायत की एनओसी लिए बिना ही एक मोबाइल टॉवर खड़ा कर दिया गया है। ऐसे में कभी तेज आंधी आने पर लोगों के घरों में खतरे की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है।
टॉवर लगने के बाद अब इसके लिए भूमिगत केबिल सीसी रोड, नाली और मकानों के पास से डाली जा रही है। भूमिगत केबिल डालने के लिए भारी मशीनों का प्रयोग किया जा रहा है जो गहराई में काफी ज्यादा पानी भी छोड़ रही हैं, जिससे आसपास के मकानों को भी बड़ा खतरा है। लोगों ने अवैध रूप से टॉवर लगाए जाने की जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
टॉवर लगाए जाने और भूमिगत केबिल डाले जाने के लिए नगर पंचायत से कोई एनओसी या अनुमति नहीं ली गई है। जानकारी मिली हैं, मामले की जांच कराकर कार्रवाई भी की जाएगी।
- विजेता गुप्ता, ईओ नगर पंचायत खुटार
खुटार में आबादी के बीच लगा टॉवर- फोटो : POWAYAN