शाहजहांपुर। नगर विधानसभा से बसपा प्रत्याशी रहे सर्वेश चंद्र मिश्रा धांधू ने एसीजेएम-तृतीय के न्यायालय में सीआरपीसी की धारा 156 (3) के तहत प्रार्थना पत्र दिया है। सर्वेश चंद्र मिश्रा ने प्रार्थना पत्र में बताया कि एक मंत्री ने 25 जनवरी की रात उन्हें एक स्थान पर बुलाया और दबाव डाला कि वह विधानसभा का चुनाव न लड़ें। उनके मना करने पर उसे पांच करोड़ रुपये देने का ऑफर किया।
इस पर भी धांधू ने चुनाव न लड़ने से इनकार किया तो उसे गालियां देकर जान से मारने की धमकी दी गई। उसे धमकाया गया कि उसके खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज करा दिए जाएंगे। गुंडा एक्ट, रासुका लगवाकर जेल में डाल दिया जाएगा। पुलिस से एनकाउंटर कराकर लाश नदी में फिंकवा दी जाएगी। सर्वेशचंद्र मिश्रा ने बताया कि इसके बावजूद उनके चुनाव लड़ने के बाद मंत्री प्रशासन के अधिकारी से मिलकर उसके खिलाफ षड्यंत्र रच रहे हैं।
उन्होंने एसपी को प्रार्थना पत्र दिया ,लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। धांधू ने न्यायालय से मंत्री के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश देने का अनुरोध किया। सर्वेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि उनके प्रार्थना पत्र पर न्यायालय ने चौक कोतवाली पुलिस से रिपोर्ट तलब की है। संवाद