शाहजहांपुर। ककरा खुर्द में खन्नौत नदी के किनारे बन रहे फॉरेस्ट पार्क की जमीन से अवैध खनन किया जा रहा है। जिसकी सूचना मिलने पर बुधवार को नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मीटिंग कर खनन करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्य का भौतिक निरीक्षण भी किया।
बैठक में शिवओम सक्सेना के साथ ही अन्य किसानों ने कहा कि पार्क के आसपास की जमीन को नगर निगम में शामिल कर लिया जाए। इसके साथ ही पार्क की जमीन को जोड़ने वाले सभी मार्गों को चिह्नित कर खाली कराने व उसका निर्माण कराने का सुझाव दिया। जिस पर नगर आयुक्त ने राजस्व विभाग से समन्वय स्थापित कर अपेक्षित प्रस्ताव तैयार कराने के लिए सहायक नगर आयुक्त को निर्देशित किया। इस बीच बताया गया कि नदी के किनारे पार्क की जमीन पर अवैध रूप से खनन किया जा रहा है। जिस पर नगर आयुक्त ने एसडीएम सदर, सीओ सदर को कार्रवाई करने और अवैध खनन को बंद कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पार्क को जोड़ने वाले सभी चकमार्गों को चिह्नित करने के लिए राजस्व कर्मियों और मुख्य अभियंता (सिविल) को निर्माण को जल्द पूरा करने के लिए निर्देशित किया गया। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त एसके सिंह, सहायक नगर आयुक्त आशुतोष दुबे, महाप्रबंधक (जल), मुख्य अभियंता (सिविल), तहसील सदर आदि मौजूद रहे।