मंगलवार को लोधीपुर में छाई धुंध। संवाद
शाहजहांपुर। माैसम विभाग, उत्तर प्रदेश ने 29 नवंबर तक जिले में घना कोहरा होने की चेतावनी दी है। इस संबंध में यलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसके तहत सांस के रोगियों को विशेष रूप से सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। सुबह और शाम सड़कों पर दृश्यता कम होने की भी बात कही गई है।
गन्ना शोध संस्थान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि मंगलवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सोमवार को अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा था।
सोमवार के मुकाबले बुधवार को अधिकतम तापमान में 1.6 डिग्री की गिरावट और न्यूनतम तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि की गई। डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि मंगलवार को सुबह धुंध होने की वजह से दृश्यता 500 मीटर रही। मंगलवार शाम को उत्तर दिशा की ओर से हवा चलने की वजह से तापमान में गिरावट हुई।
खांसी आने के साथ होती है घबराहट
माैसम विभाग के मुताबिक, घने कोहरे में सूक्ष्म कण और अन्य प्रदूषक तत्व होते हैं, जो इस माैसम में निकलने पर फेफड़ों में जमा हो जाते हैं। इस वजह से सांस रोगियों को घबराहट के साथ खांसी आने लगती है। आंखों में जलन का कारण भी ये बन सकता है।