शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय में विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए मेरिट सूची जारी कर दी गई है। विभिन्न कक्षाओं की मेरिट सूची कॉलेज के गेट पर सूची चस्पा कर दी गई है। मंगलवार से दाखिले की प्रक्रिया शुरू होगी।
सोमवार को अभ्यर्थी कॉलेज पहुंचकर मेरिट सूची में अपना नाम देखते रहे। नाम सूची में आने के बाद अभ्यर्थियों में प्रवेश को लेकर उत्सुकता बढ़ गई। विश्वविद्यालय में मंगलवार से प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी। इसे लेकर विश्वविद्यालय स्तर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभ्यर्थियों को मेरिट सूची में नाम आने के बाद संबंधित कॉलेज में दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा। इसके बाद ऑनलाइन माध्यम से फीस जमा कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
फीस जमा कराने की प्रक्रिया को लेकर विश्वविद्यालय में समर्थ पोर्टल के संबंध में बैठक भी हुई। इसमें संबंधित कर्मचारियों को ऑनलाइन फीस जमा कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई, ताकि अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
प्रवेश प्रभारी आदित्य सिंह ने बताया कि बीए और बीएससी समेत स्नातक स्तर के पाठ्यक्रमों में सीटों का आवंटन मेरिट, हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के अंकों के आधार पर किया गया है। आरक्षण नियमों का भी पालन किया गया है। उन्होंने अभ्यर्थियों से मेरिट सूची में नाम देखने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत दस्तावेजों का सत्यापन कराने और समय से फीस जमा करने की अपील की है।