सेहरामऊ दक्षिणी (शाहजहांपुर)। कहेलिया रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार शाम रेलवे ट्रैक पर मिले महिला के गर्दन कटे शव की शिनाख्त हरदोई जिले के मझिला थाना क्षेत्र के शिवनगरी गांव निवासी मीरा (50) के रूप में हुई है। आरसी मिशन क्षेत्र के रौसर कोठी गांव निवासी उनके भाई महेश कुमार ने सोशल मीडिया पर प्रसारित फोटो देखकर शव की पहचान की।
शुक्रवार दोपहर में कहेलिया रेलवे स्टेशन से ददऊ गांव की ओर करीब 200 मीटर दूर अपलाइन पर महिला का शव पड़ा मिला था। सोशल मीडिया पर फोटो देखकर महेश कुमार ने अपने बहनोई शिवकुमार को इसकी जानकारी दी। परिजनों के अनुसार, मीरा शुक्रवार सुबह करीब दस बजे बिना बताए घर से निकल गईं थीं। इसके बाद परिवार के लोग उनकी तलाश कर रहे थे।
शनिवार दोपहर पति शिवकुमार अपने बेटे के साथ पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे और शव की पहचान मीरा के रूप में की। परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि महिला के शव की शिनाख्त हो गई है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।