पुवायां के गांव जनकापुर के आयुष का फाइल फोटो। स्रोत परिजन
पुवायां। छुट्टा पशु से बाइक टकरा जाने से मेडिकल स्टोर स्वामी गंभीर घायल हो गए। इलाज के दौरान बरेली के निजी अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया।
मूल रूप से गांव पकड़िया हकीम निवासी गांव जनकापुर निवासी 28 वर्षीय आयुष गुप्ता का गांव नवाबपुर गंगा में जय शिव मेडिकल स्टोर है। वह काफी समय से अपने फुफेरे भाई संदीप के यहां गांव जनकापुर में रहते थे। सुबह दस बजे आयुष बाइक से घर से मेडिकल स्टोर पर जा रहे थे। पुवायां निगोही मार्ग पर गांव सुनारा बुजुर्ग के पास अचानक छुट्टा पशु रोड पर आ जाने से आयुष की बाइक पशु से टकरा गई।
हादसे में आयुष गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर भीड़ लग गई। किसी ने आयुष को पहचान कर उनके फुफेरे भाई संदीप गुप्ता को सूचना दी।
जानकारी पाकर परिजन मौके पर पहुंचे और आयुष को बरेली ले गए। बरेली के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान आयुष ने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव को घर ले आए। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि छुट्टा पशु से मौत के मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
हो चुकी थी गोद भराई, नवंबर में होनी थी शादी
छुट्टा पशु से बाइक टकराने से जान गंवाने वाले आयुष कुछ समय से अपने फुफेरे भाई संदीप कुमार के घर गांव जनकापुर में रहने लगे थे। आयुष की शादी तय होने के बाद गोदभराई की रस्म भी हाे चुकी थी। नवंबर में शादी होनी थी। आयुष की मौत की खबर से परिजनों के साथ ही रिश्तेदार भी बेहद गमगीन हैं।