खुटार। नरौठा देवीदास गांव में मंगलवार को जिला मुख्यालय से संचारी रोग नियंत्रण विभाग की टीम ने 50 रोगियों को बुखार की दवा वितरित की और 30 रोगियों के रक्त का नमूना लिया।
गौरतलब है कि गांव में 20 दिन में सात लोगों की बुखार से मौत हो चुकी है। गांव के लोगों की सूचना के बाद भी स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदारों ने गांव आकर जांच करने की जरूरत नहीं समझी थी। अमर उजाला में खबर छपने के बाद सीएमओ डॉ. आरपी रावत ने जिला मुख्यालय से और खुटार पीएचसी से टीम भेजकर बुखार की दवा वितरित कराई थी।
मंगलवार को डॉ. एलबी वर्मा के नेतृत्व में शाहजहांपुर से स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। टीम में शामिल डॉ. बीडी निगम, एलटी मोहम्मद रईस अहमद, सुरेशचंद्र वर्मा, डॉ. मायाराम आदि ने 50 रोगियों को बुखार की दवा वितरित की। इस दौरान 15 लोगों की डेंगू और 15 लोगों की मलेरिया की जांच के लिए रक्त का नमूना लिया गया। टीम ने कुछ रोगियों को घर जाकर भी देखा।
यज्ञ के बाद हुआ कन्या भोज
खुटार। गांव नरौठा देवीदास में बीमारियों से बचाव के लिए सोमवार रात यज्ञ के बाद मंगलवार को कन्या भोज और भंडारे का आयोजन किया गया। गांव के तमाम लोगों ने भंडारे में आकर प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान गांव में सुख, समृद्धि की कामना की गई।