शाहजहांपुर। एक मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच में मयूर स्पोर्टिंग ने फरीद अकादमी को पांच विकेट से हराकर जीत दर्ज की। मोहम्मद नईम को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
फरीद अकादमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने 20 ओवर में सभी विकेट खोकर 107 रन बनाए। फरीद खान ने सर्वाधिक 21 रन का योगदान दिया, जबकि अनमोल ने 16 और अरोड़ा ने 14 रन बनाए। मयूर स्पोर्टिंग के लिए अनुराग मिश्रा ने चार ओवर में 24 रन देकर तीन विकेट लिए। मोहम्मद नईम ने दो विकेट और कप्तान मयूर खन्ना ने एक विकेट प्राप्त किया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए मयूर स्पोर्टिंग ने पांच विकेट खोकर मैच जीत लिया। मोहम्मद नईम ने 24 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। नितिन ने 22 और मुकर्रम ने 17 रन का योगदान दिया। फरीद अकादमी के गेंदबाज अदनान और अंश ने दो-दो विकेट हासिल किए।
आयोजक मयूर खन्ना ने बताया कि मयूर स्पोर्टिंग अब तक 17 मैच खेल चुकी है, जिनमें से नौ में उसे जीत मिली है। अगला मैच मंगलवार को खेला जाएगा। क्रिकेट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कुल 50 मैच लगातार खेले जाएंगे। यह उत्तर प्रदेश के अंदर एक रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य है।
कुर्रिया ने मैकपुर को हराकर फाइनल में जगह बनाई
कुर्रियाकलां। गांव में चल रहे जय महाकाल टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मैच में कुर्रिया टीम ने मैकपुर को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। कुर्रिया ने यह मैच 10 ओवर में ही जीत लिया। अभय प्रताप ने पांच विकेट लेकर जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शनिवार को कुर्रिया ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी मैकपुर की टीम 74 रन पर ऑलआउट हो गई। मैकपुर के कप्तान अंकेश ने 17 और विकास ने 14 रन का योगदान दिया। कुर्रिया टीम के मोहन ने 18 रन बनाए। श्याम पांडेय ने 39 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को 10 ओवर में ही 75 रन के लक्ष्य तक पहुंचा दिया। कुर्रिया की ओर से अभय प्रताप ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। व्यवस्था में हरी प्रभाकर सिंह, दीपक सिंह, धनंजय सिंह, श्रवण पांडे और जीतू सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे। संवाद
कुर्रिया कलां में आयोजित जय महाकाल टूर्नामेंट के दौरान शॉट लगाता खिलाड़ी। संवाद