तिलहर। मोहल्ला कुंवरगंज निवासी स्वाति गुप्ता ने शनिवार को पुलिस को तहरीर देकर अपने मामा और ममेरे भाई पर बैंक खाते से फर्जी हस्ताक्षर कर 2.65 लाख रुपये निकालने का आरोप लगाया है।
स्वाति ने बताया कि वह नोएडा में रहकर विधि की पढ़ाई कर रही हैं। उसके माता-पिता की मृत्यु के बाद उसका पालन-पोषण नाना-नानी ने किया। करीब एक वर्ष पहले नाना का निधन हो गया था। नानी के साथ उसका स्टेशन रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में संयुक्त खाता था। छह जून को नानी का निधन हो गया। आरोप है कि पांच अगस्त को उसके मामा और ममेरे भाई ने खाते से दो चेकों के माध्यम से रुपये निकाल लिए। एक चेक से 1.05 लाख और दूसरे चेक से करीब 1.60 लाख रुपये निकाले गए। आरोप है कि दोनों चेकों पर उसके फर्जी हस्ताक्षर किए गए थे।
सीओ विदुष सक्सेना ने बताया कि युवती ने तहरीर देकर अपने मामा पर दो चेकों पर फर्जी हस्ताक्षर कर स्टेशन रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा से रुपये निकालने का आरोप लगाया है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।