शाहजहांपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन का मुहूर्त तय हो गया है। इस बार चार चरणों में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
नौ दिसंबर को ओसीएफ रामलीला मैदान में सदर, ददरौल, तिलहर विधानसभा क्षेत्र के सामूहिक विवाह के समारोह का आयोजन होगा। 11 को पुवायां, 12 को जलालाबाद और 13 को कटरा विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत होने वाले समारोह में जिले में अब तक छह विधानसभाओं से 2087 आवेदन आए हैं। जिले को लक्ष्य 2521 शादियों का मिला है। वहीं, ओसीएफ रामलीला मैदान में तीन विधानसभा क्षेत्रों के सामूहिक विवाह नौ दिसंबर को होने हैं। चार दिन शेष बचे हैं। विभाग की ओर से संबंधित लोगों को मोबाइल और ग्राम सचिवों के माध्यम से सूचना कराई जाएगी। अभी तक सत्यापन का ही कार्य पूरा नहीं हो पाया है। ऐसे में वर-वधु के परिजनों को शादी की तैयारी के लिए समय ही नहीं मिल पाएगा।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम के मुहूर्त तय हो गए हैं। सत्यापन कार्य तेजी से चल रहा है। टीमों को लगाया गया है। करीब 1500 शादियां होने की संभावना है। सामूहिक विवाह के संबंध में अवैध धन वसूली की अगर शिकायत प्राप्त हुई तो संबंधित के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
- राजेश कुमार शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी