शाहजहांपुर। युवती से शादी करने की जिद करते हुए युवक चौक कोतवाली क्षेत्र के राजघाट चौकी स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया। वह विवाह नहीं कराने पर टंकी से कूदने की धमकी दे रहा था।
रात दस बजे तक उसे टंकी से उतारने का प्रयास चल रहा था। रात करीब साढ़े नौ बजे युवक पानी की टंकी पर चढ़कर चिल्लाने लगा। बोला-शादी कराओ, नहीं तो टंकी से कूदकर जान दे दूंगा। सूचना पर पुलिस पहुंची और परिजनों को जानकारी दी। युवक के परिजनों को भी बुलाया गया है। इंस्पेक्टर अश्वनी सिंह ने बताया कि युवक को नीचे उतारने की कोशिश की जा रही है। संवाद
नाबालिग से दुष्कर्म की कोशिश
बंडा। थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती ने रात करीब साढ़े नौ बजे थाने में पहुंचकर तहरीर दी। उसने बताया कि 15 वर्षीय पुत्री के मुंह पर कपड़ा बांधकर तीन युवक जबरन उठा ले गए और उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की।
आरोप है कि हल्का दरोगा ने आरोपियों के साठगांठ कर उसकी पुत्री को बेहोशी की हालत में युवक के परिवार वालों के साथ छोड़ दिया। कार्रवाई करने के बजाय वादी को मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। किशोरी को देर रात अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीओ पुवायां प्रवीण मलिक ने बताया कि मामले की जांच कार्रवाई की जाएगी। संवाद
शार्ट सर्किट से लगी आग में घरेलू सामान जला
पुवायां। गांव जेवां में भारत श्रीवास्तव के घर में शार्ट सर्किट से आग लगने के कारण घरेलू सामान जल गया।
भारत श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार को वह परिवार के साथ आंगन में सो रहे थे। तभी कमरे के अंदर लगे बिजली के बोर्ड में शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग से कमरे में रखा घरेलू सामान व 43 हजार रुपये जल गए। सूचना मिलने पर विद्युत निगम के अधिकारियों और लेखपाल ने मुआयना करते हुए मदद का आश्वासन दिया है। बताया कि उनका मकान कच्ची दीवारों से बना हुआ है। वह अपना मकान बनवाने के लिए रुपये एकत्र कर रहे थे, जो आग में जल गए। संवाद