जलालाबाद (शाहजहांपुर)। क्षेत्र के गांव महुआडांडी के मझरा कोली में महिपाल की 25 वर्षीय पत्नी मंजू ने फंदा लगाकर जान दे दी। विवाहिता ने आत्महत्या क्यों की, इसका कारण नहीं पता लग सका है।
महिपाल हरियाणा के मानेसर में रहकर मजदूरी करते हैं। उनकी पत्नी मंजू अपनी चार साल की बेटी मालती व दो साल के जुड़वां प्रियांशु व प्रियांशी के साथ गांव स्थित घर में रहती थीं। बताते हैं कि देर शाम महिला ने अपने तीनों बच्चों को बाहर बैठा दिया। अंदर से कुंडी लगाकर कमरे में पंखे के कुंडे में साड़ी के फंदे से लटककर जान दे दी। काफी देर बाद बच्चों के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घर पहुंचे, तब मामले की जानकारी हुई।
पड़ोसियों ने उसके पति व मायके वालों को सूचना दी। रायबरेली के ऊंचाहार के रहने वाले मृतका के पिता हंसराम शुक्रवार रात यहां पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग से कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और पुलिस को जानकारी दी। इंस्पेक्टर अपराध रवि कुमार ने बताया कि जान देने की वजह अभी पता नहीं चली है। मामले की जांच की जा रही है। पड़ोसियों के अनुसार, किसी से फोन पर बातचीत के बाद महिला ने फंदे से लटककर जान दी है।