पुवायां के गांव नगला जमीने हरना की प्रियांशी का फाइल फोटो। स्रोत परिजन
पुवायां (शाहजहांपुर)। मायके से आने के कुछ घंटे बाद ही गांव नगरा जमीने हरना निवासी शिवम की 20 वर्षीय पत्नी प्रियांशी का शव घर में फंदे से लटका मिला। पिता ने दामाद पर पुत्री की हत्या करने का आरोप लगाया है।
गांव नगला जमीने हरना निवासी शिवम बृहस्पतिवार को पत्नी प्रियांशी को विदा कराकर घर लाए थे। रात में प्रियांशी का शव कमरे में लटकता देख परिजनों ने शोर मचाया तो गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। जानकारी प्रियांशी के मायके पक्ष को भी दी गई। सूचना पर पहुंचे पीलीभीत के थाना दिउरिया के गांव बरखेड़ा तालुके पसगवां निवासी नंदराम ने आरोप लगाया कि बेटी की शादी तय करते समय बात हुई थी कि शादी के एक साल बाद वह शिवम को बाइक देंगे।
छह माह पूर्व उन्होंने पुत्री की शादी की थी। शादी के कुछ दिन बाद ही शिवम बाइक की मांग करते हुए पुत्री को प्रताड़ित करने लगा। वह पुत्री को अपने घर ले गए थे। चार माह से प्रियांशी मायके में थी। 30 अक्तूबर को दामाद और उसकी मां प्रियांशी को विदा कराकर ले गए। आरोप लगाया कि बाइक न मिलने का शिकवा करते हुए पुत्री की हत्या कर दी गई।
रात लगभग 12 बजे नंदराम ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पर पुलिस ने नायब तहसीलदार मोहम्मद रिजवान की मौजूदगी में शव काे पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। तहरीर आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।