पुवायां। विवाद निपटाने के लिए बुलाई गई पंचायत में शौहर ने बीबी को पीटने के बाद तीन तलाक दे दिया। अब पीड़िता ने शौहर सहित नौ लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव पकड़िया हकीम निवासी इस्लाम खां की बेटी सरवीन ने बताया कि उनका निकाह छह वर्ष पूर्व सिंधौली के गांव कोरोकुइयां निवासी मैनूर खां से हुआ था। निकाह में परिजन ने लगभग आठ लाख रुपये खर्च किए। इसके बाद शौहर मैनूर खां, जेठ मोहम्मद रफी, वारिस, देवर पप्पू, जक्की, ननद सुहाना, नासमीन, गांव भटपुरा रसूलपुर के चचिया ससुर सलीम खां, बहनोई लखीमपुर के थाना उचौलिया के गांव रसूलपुर निवासी रिजवान खां कार और दो लाख रुपये दहेज में मांगने लगे। मांग पूरी नहीं हुई तो उनका उत्पीड़न किया जाने लगा, लेकिन वह आगे सब ठीक होने की उम्मीद में सहन करती रही।
आरोपियों ने 20 दिसंबर को उनको पीटकर घर से निकाल दिया। वह किसी तरह मायके पहुंची। मायके वालों ने 13 जनवरी को गांव पकड़िया हकीम में पंचायत रखी, जिसमें भी आरोपी दहेज की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद शौहर ने परिजनों और रिश्तेदारों के उकसाने पर उनको तीन तलाक दे दिया। उसकी पिटाई भी की, जिससे उन्हें काफी चोटें आईं। पुलिस ने दहेज उत्पीड़न, मारपीट, जान से मारने की धमकी, दहेज प्रतिषेध अधिनियम और मुस्लिम महिला (विवाह पर अधिकारों की सुरक्षा अधिनियम 2019) की धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।