शाहजहांपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शुक्रवार को खिरनीबाग के जीआईसी मैदान पर 110 जोड़ों का विधि-विधान से विवाह कराया गया। कार्यक्रम में 125 जोड़ों का विवाह होना था, लेकिन 15 युगल किन्हीं कारणों से नहीं पहुंचे। इस दौरान 17 मुस्लिम जोड़ों का पारंपरिक तरीके से निकाह कराया गया।
इस वर्ष सामूहिक विवाह के सातवें आयोजन में सांसद अरुण सागर समेत विधायक, अधिकारियों ने वर-वधू को आशीर्वाद देकर उन्हें शासन की ओर से गृहस्थी का सामान भेंट किया। डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत दांपत्य जीवन में खुशहाली व गृहस्थी की स्थापना के लिए कन्या के खाते में 35 हजार की धनराशि का अनुदान भेजा जा रहा है और 16 हजार रुपये उन्हें दिए गए सामान और कार्यक्रम की व्यवस्था पर खर्च किए गए हैं।
सामूहिक विवाह के लिए प्राप्त आवेदनों की जांच के आधार पर भावलखेड़ा, ददरौल, मदनापुर, सिंधौली, खुदागंज, जलालाबाद, जैतीपुर, मिर्जापुर, कलान और पुवायां ब्लॉक के विभिन्न गांवों से पात्र बुलाए गए थे। विवाह वेदी के लिए मैदान के पूर्वी छोर पर कतार से पंडाल बनाए गए। यही नहीं, वर-वधु के माता-पिता के साथ दोनों पक्षों के रिश्तेदारों का जमावड़ा लगने से मैदान पर सुबह नौ बजे से चहल-पहल होने लगी और 11 बजे तक मुख्य पंडाल में खासी भीड़ हो गई। भीषण गर्मी के बावजूद वर-वधु और उनके साथ आए लोगों के चेहरे मांगलिक कार्य की खुशी देखते ही बनी।
मंच से पुरोहित ने वैदिक मंत्रोच्चार आरंभ किया और पंडाल में मौजूद वर-वधू पक्ष ने वैवाहिक रस्में निभानी शुरू कर दीं। हिंदू जोड़ों ने अग्निकुंड के सात फेरे लेकर और एक-दूसरे को जयमाला पहनाकर जीवन भर साथ निभाने का वचन दिया। मुस्लिम जोड़ों का काजी ने निकाह कराकर कन्या पक्ष की मेहर तय की और निकाह नामा दर्ज किए।
सांसद अरुण सागर समेत विधायक रोशन लाल वर्मा, चेतराम, मानवेंद्र सिंह, वीर विक्रम सिंह, डीएम इंद्र विक्रम सिंह, एसपी एस आनंद, सीडीओ प्रेरणा शर्मा आदि ने नवविवाहित जोड़ों को पायल, बिछुआ, प्रेशर कुकर, गैस चूल्हा, पानी कंटेनर, ट्रॉली बैग, 31 बर्तनों का सेट, कपड़े आदि उपहार स्वरूप भेंट कर दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।
सांसद अरुण सागर ने कहा कि पैसे के अभाव में जो गरीब परिवार अपनी बिटिया की शादी ठीक से नहीं कर पाते थे, उनके लिए यह योजना वरदान साबित हुई है। डॉ. इंदु अजनबी के संचालन में हुए कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुमन कुमार आदि रहे। व्यवस्था में संजय अग्रवाल समेत कई लेखपालों और समाज कल्याण विभाग के कर्मचारियों का सहयोग रहा। संवाद