जलालाबाद। सोमवार शाम तमंचा दिखाकर दो गल्ला व्यापारियों से दिनदहाड़े आठ लाख रुपये की लूट से गुस्साए व्यापारियों ने मंगलवार को मंडी गेट के सामने खंडहर रोड पर जाम लगाकर नारेबाजी की। करीब दो घंटे जाम लगने के बाद पहुंचे सीओ उमेश शर्मा के समझाने पर व्यापारियों ने खुलासे के लिए पुलिस को 12 घंटे की मोहलत देकर जाम तो खोल दिया, लेकिन मंडी में सभी आढ़तों में तालाबंदी करके कारोबार ठप रखा। साथ ही चेतावनी दी कि यदि तय समय में घटना का खुलासा न हुआ तो बुधवार को हाईवे पर जाम लगाया जाएगा। व्यापारियों का कहना था कि बदमाशों ने जिस दुस्साहसिक तरीके से वारदात को अंजाम दिया उससे साफ है कि पुलिस का अब कोई खौफ नहीं रह गया है। अगर इसी तरह व्यापारी लुटते रहेंगे तो व्यापार कैसे कर पाएंगे। जाम के दौरान व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी कि 12 घंटे के भीतर वारदात का खुलासा कर लुटेरों को जेल नहीं भेजा गया तो अनिश्चितकाल के लिए मंडी में तालाबंदी कर दी जाएगी। व्यापारियों ने मंडी गेट के पास पुलिस चौकी और बैंक शाखा खोलने, व्यापारियों की सुरक्षा का इंतजाम करने की भी मांग की। करीब दो घंटे तक जाम रहने से रोड के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इसके बाद सीओ उमेश शर्मा मौके पर पहुंचे। उनकी व्यापारियों से नोकझोंक भी हुई। व्यापारियों ने सीओ को घटना के खुलासे के लिए 12 घंटे की मोहलत देकर जाम खोल दिया, लेकिन मंडी गेट और आढ़तों में तालाबंदी जारी रही। इससे दूरदराज गांवों से अपनी उपज बेचने आए काश्तकारों को लौटना पड़ा।
फुटकर सब्जी व्यापारी रहे परेशान
मंडी के अंदर ही सब्जी की थोक आढ़तें भी हैं। व्यापारियों के मंडी गेट पर ताला लगा देने से सब्जी बेचने और खरीदने वाले लोग भी परेशान रहे। मंडी के अंदर मौजूद सब्जी व्यापारी सब्जियां खराब हो जाने के डर से आंदोलनकारियों की मिन्नतें करते रहे, लेकिन वे दोपहर तक मंडी से बाहर नहीं निकल सके।
भाजपा नेता भी रहे आंदोलन में शामिल
भाजपा ब्रजप्रांत के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मनोज कश्यप, नगर अध्यक्ष कृष्ण कुमार मंगलम, उपाध्यक्ष गौरव राघव, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष जितेंद्र प्रताप सिंह, युवा मोर्चा के अध्यक्ष योगेंद्र प्रताप सिंह समेत बड़ी तादाद में आंदोलन स्थल पर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने व्यापारियों का समर्थन करते हुये पुलिस की कार्यशैली की आलोचना की और क्षेत्र में ताबड़तोड़ हो रही वारदातों पर कोई अंकुश न लगने पर उन्हें आड़े हाथों लिया।
एसपी ग्रामीण की मॉनीटरिंग में पांच टीमें जुटीं
लूट की वारदात से व्यापारियों में उपजे आक्रोश को देखते हुए वारदात के शीघ खुलासे के लिए एसपी ने विशेष टीम गठित कर दी है। इसके अलावा एसओजी और विभिन्न थानों के तेज तर्रार पुलिस कर्मियो की भी तीन टीमें खुलासे में लगा दी हैं। एसपी देहात रमेश भारतीय सुबह ही कोतवाली में आ डटे और पूरे दिन केस की मानीटरिंग में जुटे रहे। पुलिस टीमों ने शक के आधार पर हिरासत में लिए कई संदिग्धों से पूछताछ की।
जन उद्योग व्यापार संगठन ने एसपी को सौंपा ज्ञापन
शाहजहांपुर। राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन के पदाधिकारियों ने जलालाबाद में व्यापारी राधाकृष्ण और उनके मुनीम से लूट के खुलासे की मांग को लेकर मंगलवार को एसपी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने वालों में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष किशोर कुमार गुप्ता, नीटू गुप्ता, राकेश गुप्ता, राजेंद्र सिंह, ज्ञानू पंडित, अनूप गुप्ता, अमित गुप्ता, इंद्रपाल यादव, कौशल गुप्ता, अखिलेश गुप्ता, सचिन गुप्ता, राधाकृष्ण गुप्ता, अभिषेक गुप्ता आदि शामिल रहे।