मंडी सचिव के आश्वासन के बाद भी किसानों से सीधे खरीद पर अंकुश नहीं लगने से नाराज मंडी समिति परिसर में आढ़त करने वाले व्यापारी और श्रमिकों ने मंगलवार को मंडी के दोनों गेटों में ताले जड़ दिए और जमकर प्रदर्शन किया।
मंडी गेट पर प्रदर्शन के दौरान गल्ला व्यापार संघ के अध्यक्ष पुतान सिंह ने कहा कि कुछ राइस मिल मालिक किसानों से धान की सीधे खरीद कर रहे हैं, जिस कारण किसान मंडी में धान आदि नहीं ला रहा है। इससे मंडी के व्यापारियों का काम चौपट हो गया है। कोर्ट ने किसानों से सीधे खरीद पर रोक लगाने का आदेश कर रखा है, लेकिन अधिकारी इस आरे ध्यान नहीं दे रहे हैं। मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। इससे पूर्व मंडी के श्रमिकों ने मंडी के दोनों गेट बंद कर दिए और धरने पर बैठ गए। गल्ला व्यापारियों ने भी मौके पर पहुंचकर श्रमिकों का समर्थन करते हुए कहा कि अनाज की सीधी खरीद पर रोक लगने और खरीद फरोख्त मंडी में नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान तमाम श्रमिक और रामकृष्ण मुनीम, अमरीश रस्तोगी, अमित गुप्ता, राजेश वैश्य सहित तमाम व्यापारी मौजूद रहे।