जिले में कई जगह लगी आग में लाखों का सामान राख
तिलहर में दुकान में आग लगने से पांच लाख का सामान जला
जलालाबाद में मकान में लगी आग से नगदी समेत तीन लाख का नुकसान
तिलहर में दिवाली की रात एक कास्मेटिक की दुकान में अज्ञात कारणों से लगी आग से दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। दुकान स्वामी ने पंाच लाख का नुकसान होना बताया है। वहीं, जलालाबाद में कस्बे के मोहल्ला प्रतापनगर में एक मकान में आग लगने से लाखों का नुकसान हो गया।
तिलहर। बाजार कुंवरगंज स्टेशन रोड स्थित बृजकिशोर शर्मा की कास्मेटिक की दुकान है। बकौल शर्मा वह रविवार शाम लगभग आठ बजे दुकान पर दिवाली की पूजा करने के बाद दुकान के ऊपर बने अपने घर पर चले गए। रात लगभग डेढ़ बजे दुकान से धुंआ निकलने का पता चलने पर जब नीचे दुकान पर आए तब देखा कि दुकान में भारी आग लगी हुई है। तत्काल पुलिस को सूचना देने पर आई फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने लगभग एक घंटे बाद आग पर काबू पाया। इस बीच दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया। दुकान स्वामी बृजकिशोर ने लगभग पांच लाख रुपये का नुकसान होना बताया है। पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
जलालाबाद। दिवाली की रात कस्बे के मोहल्ला प्रतापनगर में एक मकान में आग लग गई। गनीमत रही कि वहां रखा सिलेंडर फटने के बाद भी कोई जनहानि नहीं हुई। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण पता नहीं लग सका है। अग्निकांड में बीस हजार की नगदी समेत करीब तीन लाख का सामान जलकर राख हो गया।
अजय प्रताप सिंह ने बताया कि रात करीब दस बजे घर के सभी लोग नीचे सो रहे थे। रात करीब तीन बजे धुआं घुटने पर उन्होंने छत पर गये तो देखा कि छत पर जाकर देखा तो कमरे से आग की लपटें निकल रही थीं। इसी दौरान कमरे रखा गैस सिलेंडर फट गया। तेज धमाका होने पर आसपास के लोग आ गए। लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। अजय के अनुसार इस अग्निकांड में बक्से में रखी बीस हजार की नकदी, सोने के कुंडल, जंजीर और अंगूठी तथा छह क्विंटल गेहूं के अलावा बर्तन कपड़े समेत करीब तीन लाख की संपत्ति जलकर राख हो गई। कमरे में लाइट का कनेक्शन न होने से अनुमान है कि रोशनदान से जलती हुई आतिशबाजी गिरने से आग लगी होगी। सिलेंडर फटने से कमरे की दीवारें तक चटक गईं।
आग लगने से पुआल जला, मची अफरा-तफरी
जैतीपुर। क्षेत्र के गांव नीम डांडी में रविवार रात करीब नौ बजे धान के पुआल में अचानक आग लगने से अफरा तफरी मच गई। ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए और आग को बुझाने की कोशिश की, लेकिन काबू नहीं पा सके। इसके बाद ग्रामीणों ने दमकल कर्मियों को सूचना दी। दमकल कर्मियों और ग्रामीणों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। आग लगने की खबर सुनकर एसआई रामनिवास शर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों को आग से अलग हटाकर सुरक्षित स्थान पर किया। ये धान का पुआल कम्बाइन द्वारा कटे हुए खेत का था, जो एक ही जगह पर जमा कर दिया गया था। एसआई रामनिवास शर्मा ने बताया कि आग से किसी भी ग्रामीण का कोई भी नुकसान नहीं हुआ है।
आग से नगदी समेत माल-जेवर जला
मीरानपुर कटरा। दीवाली पर रोशनी करने को जलाई गई मोमबत्ती ने एक ग्रामीण की दीवाली काली कर दी।
गांव कसरक निवासी जैतराम ने बताया कि रविवार की शाम दीवाली के मौके पर उसके बच्चों ने घर में रोशनी करने को घर में मोमबत्ती जलाई थी। घर में रोशनी करने के बाद सब लोग बैठक में दीवाली जलाने चले गए। उसने बताया कि कुछ देर मोमबत्ती की लौ से उसके घर में आग लग गई। घर से उठ रही लपटों को देख जब तक गांव के लोग दौड़े तब तक उसके घर में रखी 50 हजार की नकदी समेत राशन, कपड़े, बर्तन, माल जेवर सहित घर का सारा सामान जलकर राख हो गया।
अल्हागंज में भी आग से नुकसान
अल्हागंज। दिवाली की रात घर में आग लगने से एक काश्तकार की 21 हजार की नगदी और घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
क्षेत्र के गांव इमलिया निवासी रमाकांत वर्मा ने बताया कि दिवाली की रात करीब 12 बजे बिल्ली मकान पर पड़े छप्पर पर कूदी, इससे छप्पर का फूस टूटकर जलते दीपक पर आ गिरा। इससे दीपक उलट गया और आग लग गई। जब तक घरवालों ने आसपास के लोगों की मदद से आग पर काबू पाया तब तक बीस हजार की नकदी, भूसा, गेहूं और धान आदि सामान जल गया।
आग लगने से हजारों का सामान जला
कुर्रिया कलां। क्षेत्र के गांव पथरा निवासी राजू भुर्जी के घर में दिवाली की रात साढ़े आठ बजे आग लग गई। इससे अफरा-तफरी मच गई। मोहल्ले के लोगों ने पंपिंग सेट चलाकर आग को बड़ी मुश्किल से बुझाया। आग से घर में रखे तीन हजार रुपये, उड़द, तिलहर, गेहूं और अन्य घरेलू सामान जल कर राख हो गया। लेखपाल नरेंद्र पाल ने मौके पर पहुंच कर आग से हुई क्षति का आकलन किया।