रोजा। मंडी समिति के कर्मचारी धर्मेंद्र भारती ने वहां के एक सहायक पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत की है। पुलिस ने आरंभिक जांच के बाद मंडी सचिव रिंकू लाल को रिपोर्ट भेज कर विभागीय जांच और उसके अनुरूप कार्रवाई करने का परामर्श दिया है। इस मामले में मंडी सचिव ने मंडी निरीक्षक अजय कुमार और वरिष्ठ लिपिक रीना गुप्ता की दो सदस्यीय जांच टीम गठित कर आख्या देने के निर्देश दिए हैं।
मंडी कर्मचारी ने पोर्टल पर ऑनलाइन तहरीर देकर पुलिस को बताया कि गत मंगलवार की रात निगोही के एक व्यापारी ने उन्हें बताया कि मंडी सहायक ने बातचीत के दौरान उनके लिए जातिसूचक अभद्र भाषा का प्रयोग किया। अगले दिन उन्हाेंने इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की। इस बात से नाराज होकर मंडी सहायक ने उसी रात घर जाते वक्त मंडी समिति के निकास द्वार के सामने रोक लिया।
उसने जातिसूचक गालियां देते हुए विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए नौकरी नहीं करने देने की बात कही। इस मामले में उच्च अधिकारियों को दोबारा सूचना दी तो उन्होंने किसी भी प्रकार की कार्रवाई करने के लिए एक दिन के लिए रोक दिया। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई, जबकि मंडी सहायक से उन्हें जानमाल का खतरा बना हुआ है।
प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि मंडी कर्मचारी की ओर से वहां के सहायक द्वारा अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर गालियां देने की शिकायत मिली थी। चूंकि, मामला एक ही विभाग से जुड़े कर्मचारियों के बीच विवाद का है। इसलिए उन्होंने पुलिस की ओर से रिपोर्ट मंडी सचिव को भेजकर उनसे जांच को विभागीय टीम गठित करने के लिए कहा है।
मामले में गठित की गई जांच टीम ने दोनों पक्षों के साथ फोन पर बात करने वाले व्यापारी को भी नोटिस जारी कर दो दिन के अंदर अपने-अपने साक्ष्यों के साथ अपना पक्ष रखने के लिए कहा है। सोमवार शाम तक किसी भी व्यक्ति ने जांच टीम के अधिकारियों से मुलाकात कर अपना पक्ष नहीं रखा। अब सभी पक्षों को दोबारा नोटिस जारी कर उन्हें अपने साक्ष्यों के साथ बुलाया जाएगा। बाद में जांच पूरी होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-रिंकू लाल, मंडी सचिव, रोजा मंडी समिति