भावलखेड़ा। थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ी गाड़ीपुरा में बेटी के अपहरण के मामले में शामिल होने का आरोप लगाते हुए पिता ने युवक को गोली मार दी। गोली पीठ में लगी। प्राथमिक उपचार के बाद घायल युवक को राजकीय मेडिकल कॉलेज से लखनऊ रेफर किया गया है। वहीं, पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ी गाड़ीपुरा निवासी राहुल कुमार दिल्ली में रहकर काम करता है। 10 अक्तूबर को वह घर पर आया था। शुक्रवार रात वह मोहल्ले के ही राजीव के घर से जन्मदिन की दावत में शामिल होकर घर लौट रहा था। तभी रास्ते में नकुल के खेत में पहले से बैठे एक व्यक्ति ने उसे रोक लिया।
बेटी के अपहरण के मामले में सहयोग करने का आरोप लगाते हुए राहुल पर तमंचा तान दिया। राहुल ने भाग कर जान बचाने की कोशिश की तो उसने दौड़ाकर पीछे से पीठ पर गोली मार दी। परिवार वालों ने उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
मामले में राहुल के भाई अरुण की ओर से तहरीर दी गई है। इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।