लड़का पक्ष ने तिलक में कार की मांग पूरी न होने पर शादी से इन्कार कर दिया। इस मामले में लड़की के पिता ने आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित का कहना है कि वह बेटी की शादी की पूरी तैयारियां कर चुके हैं। ऐसे में उनकी समाज में बदनामी होगी।
शाहजहांपुर के खुटार क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी जनपद फर्रुखाबाद के गांव देवरामपुर निवासी पवन कुमार से तय की थी। पवन और उसके भाई अनिल कुमार, ब्रजेश कुमार, मां ज्ञान देवी, भाभी ममता देवी, रीना देवी, बहन बरेली के थाना नवाबगंज के गांव उखरा निवासी राखी देवी व उसके पति राजवीर ने बेटी को देखने के बाद सगाई और गोद भराई की रस्म पूरी की थी। 11 फरवरी को तिलक और 15 फरवरी को शादी की तिथि तय की गई थी। इस बीच उनके लगभग चार लाख रुपये खर्च हो चुके हैं।
इसके बाद पवन सहित सभी आठों लोग तिलक में कार की मांग करने लगे। मना करने पर शादी से इन्कार कर दिया। उन्होंने पंचायत कर पवन सहित सभी की खुशामद की, लेकिन वह लोग कार की मांग पर अड़े रहे। आरोपियों ने सगाई आदि में दिया गया जेवर व कपड़ा भी वापस नहीं किया और जान से मारने की धमकी भी दी।