शाहजहांपुर/कुर्रिया कलां। जमीन के विवाद में बाइक सवार ग्रामीण की डीसीएम से कुचलकर हत्या कर दी गई। परिवार ने दूसरे पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया, लेकिन पुलिस ने अपनी गर्दन बचाने के लिए दुर्घटना में रिपोर्ट दर्ज कर ली। दरअसल दोनों पक्ष में सुबह विवादित जमीन पर छप्पर डालने को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसकी शिकायत करने मृतक कुर्रिया कलां चौकी गया था, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की और उसे टरका दिया। इसके बाद दोपहर करीब एक बजे दवाई लेने जाते वक्त दूसरे पक्ष ने डीसीएम से बाइक को पीछे से टक्कर मारकर उसे मार डाला। थाना कांट क्षेत्र के गांव सिसौरी निवासी 36 वर्षीय विनोद कुमार पाल का गांव के तौले से पैतृक जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसको लेकर दोनों पक्ष कई बार आमने सामने आ चुके हैं। मामला कई बार थाने तक भी पहुंचा। बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे तौले के बेटे राजकिशोर, रविश और नन्हें विवादित जमीन पर छप्पर डालने की कोशिश कर रहे थे। राजपाल के बेटे विनोद ने विरोध किया तो विवाद हो गया। दोनों पक्ष पुलिस चौकी कुर्रिया कलां पहुंचे थे। आरोप है कि चौकी प्रभारी ने मामले में कोई भी कार्रवाई नहीं की। इस पर दोनों पक्ष वहां से चले आए। दोपहर करीब एक बजे विनोद कुर्रिया कलां से दवाई लेकर बाइक से घर लौट रहा था। दूसरे पक्ष के लोग डीसीएम से कांट थाने से आ रहे थे। रास्ते में कुर्रिया कलां अड्डे के पास डीसीएम से पीछे से विनोद की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे विनोद की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के पिता राजपाल के मुताबिक जिस डीसीएम ने विनोद को टक्कर मारी गई है वह दूसरे पक्ष की है। उनके पुत्र की हत्या की गई है। उन्होंने कहा कि शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की होती तो उनके बेटे की जान नहीं जाती। कांट थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और डीसीएम कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम को भिजवाया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले में मृतक के पिता राजपाल की तहरीर पर सड़क दुर्घटना की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
टक्कर मारने के बाद बैक करके फिर चढ़ाई गाड़ी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डीसीएम चालक ने बाइक को टक्कर मारने के बाद गाड़ी बैक की फिर दोबारा उसके ऊपर चढ़ा दी, दोबारा टक्कर लगने पर शव उछलकर नहर के किनारे जा गिरा। जब चालक पूरी तरह संतुष्ट हो गई कि बाइक सवार मर गया है तो डीसीएम छोड़कर भाग गया।
घटनास्थल से एक किलोमीटर दूर आधा घंटा खड़ी रही डीसीएम
ग्रामीणों के मुताबिक घटनास्थल से एक किलोमीटर दूर बैहरी कुर्रियां गांव के पास डीसीएम करीब आधा घंटा तक खड़ी रही। इसके बाद वहां चली गई। कुछ देर बाद कुर्रियाकलां अड्डे के पास इसी डीसीएम से हादसे में बाइक सवार के मरने की सूचना मिली।
वर्जन
मृतक विनोद के पिता की तहरीर पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। दोनों पक्षों में जमीन को लेकर कई वर्षों से विवाद था। मृतक के पिता इस संबंध में कोई प्रार्थना पत्र देते हैं तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। - दिनेश त्रिपाठी, एसपी सिटी शाहजहांपुर
मैंने एसडीएम सदर के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया था। घटनास्थल पर लोगों से पूछताछ की गई है। दोनों पक्षों के बीच विवाद काफी पुराना है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। परमानंद पांडेय, सीओ सदर, शाहजहांपुर।