शाहजहांपुर। थाना मदनापुर क्षेत्र के गांव नवादा रुद्रपुर में दो दिन पूर्व चाकू के हमले में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक के परिजन ने उसके चाचा पर हत्या का आरोप लगाया है।
परिवार वालों के मुताबिक थाना मदनापुर क्षेत्र के गांव नवादा रुद्रपुर निवासी 19 वर्षीय रंजीत पुत्र स्वर्गीय मेघनाथ का 18 अप्रैल को अपने चाचा से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। आरोप है कि चाचा ने अपने दोनों बेटों के साथ रंजीत की पिटाई की और फिर पेट में चाकू घोंप दिया। परिवार वालों ने उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था, जहां रविवार रात आठ बजे रंजीत की मौत हो गई। रंजीत की मां पुष्पा और ताऊ नन्हकू ने चाचा पर रंजीत की हत्या का आरोप लगाया है। ताऊ नन्हकू ने बताया कि उन्होंने पुलिस को तहरीर दे दी है। मगर मदनापुर थानाध्यक्ष धनंजय सिंह ने तहरीर मिलने और घटना की जानकारी होने से इनकार किया है।
वारदात के संबंध में मदनापुर पुलिस को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। परमानंद पांडेय, सीओ सदर, शाहजहांपुर।