शाहजहांपुर। कथावाचक विजय कौशल महाराज ने कहा कि हर शुभ कार्य और कथा का प्रारंभ हनुमान पूजन से करना चाहिए। वह स्वयं श्रीराम के दास और भक्तिभाव के प्रतीक हैं। बोले : अहंकार आने पर मनुष्य भगवान से दूर हो जाता है।
मंगलमय परिवार की ओर से ओसीएफ कैंट स्थित रामलीला मैदान पर श्रीराम कथा का शुभारंभ रविवार को हो गया। पहले दिन जय श्रीराम के उद्घोष और घंटा-घड़ियाल की ध्वनि से माहौल भक्ति से सराबोर हो गया। कथावाचक विजय कौशल ने कहा कि भगवान ने नारद को यह दिखाने के लिए माया में डाला कि संसार का कोई भी प्राणी, चाहे वह कितना भी ज्ञानी क्यों न हो, माया से अछूता नहीं है।
प्रसंग यह सिखाता है कि जब मनुष्य में अहंकार आ जाता है, तो वह भगवान से दूर हो जाता है। उन्होंने कहा कि जब तक मनुष्य अपने भीतर विनम्रता और समर्पण का भाव नहीं लाता, तब तक वह सच्ची भक्ति के मार्ग पर आगे नहीं बढ़ सकता। उन्होंने श्रीरामजन्म का प्रसंग सुनाया। अजय शर्मा के संचालन में हुए कार्यक्रम में मुख्य यजमान जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन डीपीएस राठौर, उनकी पत्नी सोनिया राठौर, बहन सरिता सिंह चौहान ने पूजन-अर्चन किया।
मुख्य अतिथि के रूप में हाईकोर्ट के जज सुरेंद्र कुमार सिंह, मुख्य शासकीय अधिवक्ता लखनऊ खंडपीठ शैलेंद्र कुमार सिंह उपस्थित रहे। इस मौके पर स्वामी हरिदास, राजेश अवस्थी, गोविंद मिश्रा, अवनीश सिंह, असित पाठक, मनोज तिवारी, अनूप गुप्ता, राजेंद्र पटवा, दीपू पांडे, सौरभ सोमवंशी, राजीव अवस्थी आदि मौजूद रहे।
ओसीएफ इस्टेट मैदान में मंगलमय परिवार की ओर से आयोजित रामकथा में मौजूद श्रद्धालु। स्रोत: आयोजक