शाहजहांपुर में हरदोई रोड पर पावर प्लांट एडमिन गेट के सामने पत्नी से विवाद के बाद युवक सोमवार को पहले तो नहर में कूद गया। फिर पेड़ पर चढ़कर कूदने की धमकी देने लगा। सूचना पर पहुंची आरसी मिशन पुलिस ने उसे समझाबुझाकर नीचे उतारा और परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के गांव गुंवारी निवासी गौरव उर्फ नन्हें का पत्नी किरन से विवाद हो गया था। इसी बात से नाराज होकर वह रविवार की रात करीब दस बजे पॉवर प्लांट के एडमिन गेट के सामने नहर में कूद गया। इसके बाद वहां से निकल कर पास ही में एक नीम के पेड़ पर चढ़कर कूदने की धमकी देने लगा।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक आरसी मिशन धर्मेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवक को समझाबुझाकर नीचे उतरवाया और परिजन की सुपुर्दगी में दे दिया। युवक की हरकत के चलते उसके परिजन काफी देर तक परेशान रहे।