कटरा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक वीर विक्रम सिंह प्रिंस ने विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सरकार से काकोरी कांड के शहीद रोशन सिंह के पैतृक गांव नवादा दरोबस्त को पर्यटन स्थल का दर्जा प्रदान करने का अनुरोध किया। उन्होंने शहीद गांव में विकास की अहमियत बर्ताई और नदियों की बहुलता वाले तटवर्ती गांवों में जमीनों पर अवैध कब्जों की समस्या को भी उठाया।
उन्होंने कहा कि शहीद रोशन सिंह हमारे युवाओं के आदर्श हैं। उनके जीवन मूल्यों को युवा वर्ग आत्मसात कर सके। इसके लिए जरूरी है कि शहीद के गांव को पर्यटन स्थल के तौर पर विकसित किया जाए। विधायक प्रिंस ने कहा कि निर्वाचन क्षेत्र कटरी प्रभावित और तीन नदियों से घिरा होेने से तमाम जगह नदियों की छोड़ी जमीन पर अवैध कब्जे हो रहे हैं।
विधायक ने सदन को बताया कि बाहुबली और पिछली सरकारों में सत्ता की हनक रखने वालों के 50 फीसदी कब्जे खाली कराए जा चुके हैं। अन्य कब्जे भी जल्द हट जाएंगे। उन्होंने नदियों के तटवर्ती क्षेत्रवासियों की सुविधा के लिए सरकार से समसीपुर घाट और भुंडी घाट पर पुल बनवाने की मांग की।