शाहजहांपुर। हिंदी विषय की परीक्षा में पाठ व उनके लेखकों के नाम याद कर लें। हिंदी गद्य और पद्य के साथ संस्कृत के पाठ की तैयारी रखें। व्याकरण के प्रश्नों का अभ्यास बार-बार करें। इसमें अंक पूरे मिलते हैं।
इस्लामिया इंटर कॉलेज के हिंदी प्रवक्ता हुसैन मोहम्मद मुस्तफा ने बारहवीं के हिंदी के प्रश्न पत्र की तैयारी को लेकर समय को बांटने की सलाह दी। कहा कि सबसे पहले सिलेबस को दोहराने की समय-सारिणी को तैयार कर लें। हिंदी में बिंदी, मात्रा और सुलेख का बड़ा महत्व होता है। परीक्षा की तैयारी के लिए विद्यार्थी निरंतर अभ्यास करें।
विषय को रटकर नहीं, लिखकर याद करें। ऐसा करने से बेहतर अंक पाने में आसानी होगी। तनावमुक्त होकर आत्मविश्वास से परीक्षा की तैयारी करें। उन्होंने बताया कि परीक्षा से पहले समूह में बैठकर विषय पर चर्चा करें। पढ़ाई करते समय थोड़ा आराम भी कर लें। अपने किताब के प्रत्येक पाठ को पढ़ते समय अच्छे से समझें। विषय का लगातार अभ्यास करें। महत्वपूर्ण जानकारी को नोट या अंडरलाइन करना न भूलें।
-
ये बरतें सावधानी
-सभी प्रश्नों का उत्तर शुद्ध भाषा में दें। जितना आवश्यक हो, उतने ही शब्दों में जवाब दें। पहले आसान प्रश्नों के उत्तरों को लिखें। कॉपी पर कहीं भी कटिंग या ओवरराइटिंग नहीं करें। विकल्प वाले प्रश्न पहले हल करें।