मकर संक्रांति पर्व बृहस्पतिवार को भी श्रद्धापूर्वक मनाया गया। लोगों ने घरों में दान-दक्षिणा कर पुण्य कमाया। वहीं बाजार में बुधवार की तरह दूसरे दिन भी खिचड़ी, पूड़ी-सब्जी, चाय के भंडारे चले। चौक में तो श्रद्धालुओं ने राहगीरों को गरमागरम दूध पिलाकर प्रशंसा पाई।
मकर संक्रांति पर दान का खास महत्व है। सो महिलाओं और पुरुषों ने दरवाजे पर आए जरूरतमंदों को कच्ची खिचड़ी, मूंगफली, रेवड़ियां, गजक, वस्त्र आदि दान किया। दान-पुण्य का काम बाजार में अधिक देखने को मिला। शहर के तमाम मोहल्लों और प्रमुख बाजारों में जगह-जगह स्टाल लगाकर जनसामान्य और साधु-संतों को खिचड़ी भोज कराया गया। कहीं-कहीं पूड़ी सब्जी और चाय के स्टाल भी लगे। बड़े चौक चौराहे पर आसपास के लोगों ने आपसी सहयोग से गरमागरम मीठा दूध बांटा। दूध लेने के लिए स्टाल पर दिनभर महिलाएं और बच्चे उमड़ते रहे।
आरएसएस की ओर से मकर संक्रांति संघ कार्यालय पर मनाई गई। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में विभाग कार्यवाह रवि मिश्रा और कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. राकेश रवि द्विवेदी ने पर्व की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए सामाजिक समरसता की सीख दी। नगर कार्यवाह राजकमल वाजपेयी ने आभार जताया।
भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ की ओर से नमो टी स्टाल लगाकर पर्व मनाया गया, साथ ही लोगों को पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण कराई गई। इस अवसर पर सांसद कृष्णा राज और विधायक सुरेश कुमार खन्ना ने भी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। आयोजन में अनूप गुप्ता, मंजुला बाथम, रम्मन गुप्ता, महबूब, रोहित शुक्ला, सुरेश गुप्ता आदि का योगदान रहा।
चांदपुर। गांव नवदिया ओरीलाल के बाबा मस्तराम सरस्वती विद्या मंदिर में मकर संक्रांति के अवसर पर खिचड़ी भोज का आयोजन किया गया। आयोजन में प्रधानाचार्य चंद्रप्रकाश तिवारी, आदित्यप्रकाश त्रिवेदी, हरीश कुमार, महेंद्रपाल, शशि तिवारी, मुनीशा वर्मा, मनोज शुक्ला सहित तमाम लोगों का सहयोग रहा।