शाहजहांपुर। यातायात नियमों का पालन कराने व लोगों को हेलमेट व सीट बेल्ट के प्रति जागरूक करने के लिए लघु फिल्म लॉस्ट कॉल का निर्माण कराया गया है। फिल्म का पोस्टर जारी होने के बाद यातायात महीने के समापन पर फिल्म को यू-ट्यूब पर रिलीज किया जाएगा। स्कूलों में फिल्म के जरिये जागरूक किया जाएगा।
दो पहिया वाहन पर हेलमेट व चार पहिया वाहन पर सीट बेल्ट का उपयोग कराने के लिए यातायात पुलिस ने लॉस्ट कॉल नाम से लघु फिल्म का निर्माण कराया है। रंगकर्मियों की मदद से बनीं फिल्म का पोस्टर यातायात महीने के प्रारंभ में एसपी राजेश द्विवेदी ने रिलीज किया था। सीओ यातायात संजय कुमार ने बताया कि फिल्म का निर्माण पूरा हो चुका है।
उसे संपादन के लिए भेजा गया है। 30 नवंबर को यातायात महीने के समापन पर फिल्म को प्रोजेक्टर पर चलाया जाएगा, साथ ही यू-ट्यूब पर भी डाला जाएगा। उन्होंने बताया कि फिल्म को स्कूलों में छात्र-छात्राओं को दिखाया जाएगा। इससे विद्यार्थी यातायात नियमों के लिए प्रेरित हो सकेंगे। सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी फिल्म को दिखाया जाएगा।