शाहजहांपुर। शराब कंपनी के मैनेजर से मारपीट कर रुपये लूटने के मामले में एसओजी प्रभारी और उनकी टीम के सदस्यों के खिलाफ रोजा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इससे पहले पीड़ित ने सांसद अरुण सागर के साथ एसपी से मिलकर उन्हें पूरी बात बताई। तब रिपोर्ट दर्ज की गई। मामले की जांच एएसपी ग्रामीण को सौंपी गई है।
हरदोई के देहात कोतवाली क्षेत्र के विकासनगर सीतापुर रोड महोलिया शिवपाल निवासी अंकुर कुमार तिवारी ने एसपी डॉ. एस चन्नप्पा को बताया कि वह थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के मोहल्ला रेती में प्लॉट पर मिट्टी डलवा रहे थे। तभी एसओजी की टीम वहां आ गई और उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गई और पूछा कि तुम यहां क्यों आए हो। इस पर उन्होंने बताया कि वह रॉयल चेन लिकर नाम की कंपनी में एक दिन पहले ही मैनेजर के पद पर तैनात हुए हैं। इसी वजह से वह अपनी शराब की दुकानों के संचालन की व्यवस्था देख रहे हैं। पीड़ित ने आरोप लगाया कि तभी एसओजी प्रभारी क्रांतिवीर ने पिस्तौल तान दी और कहा कि अवैध शराब का काम करता है और दीपक भी इस मामले में शामिल है। आरोप है कि यह कहते हुए एसओजी टीम के लोगों ने उसके पास से 54 हजार दो सौ रुपये से भरा बैग छीन लिया। इसके बाद उसे अनजान जगह पर ले गए और बंद कमरे में ले जाकर बुरी तरह से पीटा। आरोप लगाया कि शाम छह बजे घर से एक लाख रुपये मंगाने को कहा। मामले की शिकायत के बाद एसपी के आदेश पर एसओजी प्रभारी क्रांतिवीर सिंह और उनकी टीम के सदस्यों के खिलाफ लूट, मारपीट, षड्यंत्र के तहत झूठे केस में फंसाने आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं, एसओजी को भंग कर प्रभारी समेत सभी को पांच पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया। उधर जलालाबाद के चंदौरा बहादुरपुर निवासी अभिषेक गुप्ता ने भी एसओजी पर लूट और अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए शिकायती पत्र एसपी को दिया है। वहीं, सदर बाजार थाना क्षेत्र के मोहल्ला कटिया टोला में फायरिंग के मामले में एसआई राजकुमार श्रीवास्तव ने मोहल्ले के ही कुनाल गुप्ता और विनय कौशल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।