तिलहर। सरकार की जनहितकारी जल जीवन मिशन योजना के तहत ग्राम पंचायतों में ओवरहेड टैंक बना कर घर-घर जलापूर्ति पहुंचने का काम तेजी से जारी है। जनपद में 704 ग्राम पंचायतों का इस योजना में चयन किया गया है। इसमें तिलहर तहसील में 99 ग्राम पंचायतें चयनित की गई हैं। लगभग 22 ग्राम पंचायतों में स्थान का चयन न होने पर तहसीलदार ज्ञानेंद्र नाथ ने कानूनगो और लेखपालों को ग्राम समाज की जमीन से कब्जा हटाकर स्थान का चयन के निर्देश दिए हैं।
सरकार ने जल जीवन मिशन योजना के जरिये ग्राम पंचायतों में ओवरहेड टैंक बनाकर और पाइप लाइन डालकर घर-घर जलापूर्ति की योजना बनाई गई है। जल निगम के अधिशासी अभियंता शम्मी सिंह ने बताया कि योजना के तहत शाहजहांपुर जनपद में अभी तक 704 ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है, जिनमें से 540 ग्राम पंचायतों में ओवरहेड टैंक बनाने के लिए स्थान हैं। बताया कि 386 स्थानों का प्राक्कलन स्टीमेट बनाकर राज्य सरकार को भेजा है। इसमें से 270 प्राक्कलन स्वीकृत हो गए हैं। इनमें से 190 स्थानों पर काम शुरू कर दिया है। बताया कि 10 जून तक 235 स्थानों पर काम शुरू करने की योजना है।
निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर पीवीएसएस कृष्णा ने बताया कि तिलहर 99 ग्राम पंचायतों का योजना में चयन किया है। इसमें से करीब 60 ग्राम पंचायत पर कार्य शुरू किया जा चुका है। अभी तक लगभग 22 स्थानों पर जगह का चयन नहीं हो सका है। इसके लिए तहसील स्तर से प्रयास किए जा रहे हैं। एक स्थान पर ओवरहेड टैंक बनाने और योजना को लागू करने में करीब दो करोड़ का खर्चा आएगा।
तहसीलदार ज्ञानेंद्र नाथ में बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जल जीवन मिशन के तहत जिन ग्राम पंचायतों में स्थान का चयन नहीं हुआ है, वहां पर कानूनगो और लेखपालों को निर्देशित किया है कि वह दो दिन में तत्काल ग्राम समाज की जमीनों का चयन कर सूची मुहैया कराएं। तहसीलदार ने कानूनगो और लेखपालों को निर्देशित किया है कि सरकारी जमीनों से कब्जे हटवाकर योजना के लिए भूमि चयन सुनिश्चित करें।