शाहजहांपुर। नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत नवसाक्षरों की साक्षरता परीक्षा रविवार को सुबह दस से शाम पांच बजे तक होगा। परीक्षा के लिए 396 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें दो हजार परीक्षार्थी अपनी बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।
बीएसए दिव्या गुप्ता ने बताया कि परीक्षार्थी निर्धारित समय अवधि के मध्य परीक्षा केंद्र में उपस्थित होकर प्रतिभाग करें। परीक्षा अवधि में विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहेगा। प्रधानाध्यापक, इंचार्ज अध्यापक व केंद्र व्यवस्थापक निगरानी बनाए रखें। प्रधानाध्यापक एक से अधिक शिक्षक को नामित कर अनिवार्य रूप से परीक्षा केंद्र पर भेजना सुनिश्चित करें।
बीएसए ने बताया कि बीइओ को अपने विकास क्षेत्र में परीक्षा केंद्रों पर भ्रमण करने के लिए निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक बीआरसी पर कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। केंद्रों की संख्या, पंजीकृत के सापेक्ष उपस्थित व अनुपस्थित परीक्षार्थियों की जातिवार सूचना एकत्र कर जिला कार्यालय को भेजना होगी।
विद्यालय के यू-डायस कोड, जाति का अंकन एनआईओएस प्रपत्र उत्तर पुस्तिका पर दर्ज करना होगा। दिव्या गुप्ता ने बताया कि केंद्र व्यवस्थापक परीक्षार्थी की पहचान के रूप में किसी भी पहचान पत्र को मान्य करेंगे।