डीएम ने अधिकारियों के साथ जुलूस मार्ग का लिया जायजा
डीएम उमेश प्रताप सिंह ने होली पर निकाले जाने वाले छोटे एवं बड़े लाट साहब के जुलूस मार्गों का निरीक्षण किया। शनिवार को उन्होंने चौक कोतवाली से चार खंभा, केरूगंज, अंटा चौराहा होते हुए खिरनी बाग चौराहा, टाउनहॉल, घंटाघर से गर्रा फाटक तथा अजीजगंज तक मार्ग देखा। डीएम ने छोटे लाट साहब के जुलूस मार्ग का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने सरायकाइयां से हथौड़ा चौराहे तक जुलूस के मार्गों पर किए गए बैरिकेडिंग आदि कार्यों का निरीक्षण किया। अधिकारियों को शेष व्यवस्था जल्द पूरी करने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान एसपी एस. आनंद, एडीएम प्रशासन संजय पांडेय, एडीएम एफआर त्रिभुवन, नगर मजिस्ट्रेट आशीष कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
बाइक पर स्टंट करना पड़ेगा भारी, पांच टीमें गठित
होली पर तेज रफ्तार से बाइक दौड़ाने और स्टंट करने वालों को रोकने के लिए नागरिक पुलिस के अलावा यातायात पुलिस ने भी पांच टीमों का गठन किया है। ये टीमें बाइक पर स्टंट करने वालों पर नजर रखेंगी। यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी करेंगी।
होली पर शराब पीकर बाइक व कार दौड़ाने से अक्सर हादसे होते हैं। वर्तमान समय में रील बनाने के लिए स्टंट करना भी आम बात है। स्टंट और रील के फेर में होने वाले हादसों को लेकर पुलिस चिंतित है। एसपी के निर्देश पर सीओ यातायात जगदीश लाल टम्टा ने स्टंट पर रोक लगाने के लिए पांच टीमों का गठन किया है। उन्होंने बताया कि होली पर तमाम लोग शराब पीकर वाहन चलाते हैं। युवा स्टंट भी करते हैं। उन पर नियंत्रण के लिए छह मार्च से पांच टीमें काम शुरू करेंगी।