आकाशी बिजली गिरने से मरे निजाकत का फाइल फोटो
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बिजलीपुरा निवासी निजाकत खान की खेत में आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। उनका घोड़ा भी गंभीर रूप से झुलस गया। थोड़ी दूरी पर खड़ा उनका चचेरा भाई जावेद बाल-बाल बच गया।
65 वर्षीय निजाकत खान दोपहर दो बजे अपने खेत पर गए थे। खेत में उन्होंने बरसीम बो रखी है। वह घोड़े को घास चराने के लिए साथ लेकर गए थे। करीब साढ़े तीन बजे अचानक बिजली भी कड़कने लगी। इस बीच आकाशीय बिजली निजाकत खान के ऊपर गिर पड़ी। बिजली की चपेट में उनका घोड़ा भी आ गया। कुछ देर के बाद निजाकत खान की मौत हो गई। घोड़े की स्थिति भी गंभीर बनी हुई। तमाम लोग मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर निजाकत की पत्नी नफीसा बेगम, बेटा जमाल भी रोते-बिलखते हुए पहुंच गए। कानूनगो, लेखपाल और पुलिस भी पहुंची लेकिन परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। भांजे फरमान ने बताया कि निजाकत के दो बच्चे हैं। उनकी बेटी साजदा की शादी हो चुकी है।
बाल-बाल बचे भाई जावेद
निजाकत के साथ में चचेरे भाई जावेद भी खेत पर थे। उन्होंने बताया कि बिजली गिरने के दौरान निजाकत और उनके बीच कुछ ही दूरी थी। वह बिजली की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। बिजली करीब 50 मीटर के एरिया में गिरी है।