केंद्र सरकार की दीनदयाल उपाध्याय ज्योति योजना से घर-घर उजाला लाने की कोशिश शुरू हो गई है। हालांकि, पहले से स्वीकृत 132 केवी के कई सब स्टेशनों के निर्माण में आ रहीं बाधाएं दूर नहीं हो पा रहीं। बावजूद इसके ज्योति योजना के क्रियान्वयन में आई तेजी उम्मीदें जगाने वाली है। योजना के तहत जिले में 33 केवी क्षमता के कुल आठ सब स्टेशन बनाए जाने हैं। शहर के तीनों सब स्टेशन चालू होने पर हथौड़ा और दीवान जोगराज समेत सन्नाटे में डूबा रहने वाला बंका घाट इलाका भी जगमगाने लगेगा।
इन स्थानों पर प्रस्तावित हैं नए सब स्टेशन
शहर में बंका घाट, हथौड़ा और मोहल्ला दीवान जोगराज सहित कांट, इसी क्षेत्र के चौहनापुर, सिंधौली ब्लॉक के मुड़िया पवांर, तिलहर क्षेत्र के बंथरा और पुवायां क्षेत्र के गांव जेबां में ज्योति योजना के तहत 33 केवी के नए सब स्टेशन खोलने का प्रस्ताव है।
पुवायां के जेबां और बंडा में बनेंगे पॉवर स्टेशन
पुवायां। बंडा में 132 केवीए और पुवायां क्षेत्र के गांव जेबां में 33/11 केवीए का बिजली उपकेंद्र बनाया जाना है। जेबां में पूर्व सांसद मिथिलेश कुमार और विधायक शकुंतला देवी उपकेंद्र का शिलान्यास भी कर चुके हैं। यहां कंट्रोल रूम का निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन बंडा में अभी तक निर्माण शुरू नहीं हो सका है। इस मुद्दे को लेकर पहले से प्रयासरत भाकियू ने सोमवार से बेमियादी क्रमिक अनशन भी शुरू कर दिया है। जेई जीडी जोशी ने बताया कि जेबां उपकेंद्र पर पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। इससे वहां के गांवों को पूरी सप्लाई मिलने लगेगी और पुवायां के बिजली उप केंद्र पर लोड कम हो जाने से नगर के उपभोक्ताओं को भी लाभ होगा।
जलालाबाद में बिजली स्टेशन की राह में रोड़े
जलालाबाद। नगर में बिजली की दिक्कतों को दूर करने के लिए करीब चार साल पहले 132 केवीए के बिजली सब स्टेशन के निर्माण को स्वीकृति मिली थी, लेकिन इसके लिए चार एकड़ जमीन नहीं ढूंढी जा सकी। बीते अक्टूबर में कांट क्षेत्र के गांव भैंसटा कलां में चार एकड़ जमीन की तलाश कर उसका प्रस्ताव जिला मुख्यालय भेजा गया। इसके लिए 16 करोड़ रुपये बजट भी स्वीकृत हो चुका है, लेकिन जमीन विभाग को हस्तान्तरित होने पर ही निर्माण शुरू हो सकेगा। गांववालों के अनुसार प्रस्तावित जमीन के कुछ हिस्से पर एक नेता का कब्जा है और उसे खाली कराने को सख्ती बरतनी होगी।
तिलहर में जून तक बनेगा 132 केवी का बिजलीघर
तिलहर। नगर वासियों के लिये अच्छी सड़कों के बाद अब निर्बाध रूप से 16 घंटे विद्युत सप्लाई का सपना जल्द पूरा होने के आसार बन रहे हैं। निर्माणाधीन 132 केवी बिजलीघर के जुलाई तक चालू होने की उम्मीद है। इससे आए दिन होने वाले ब्रेक डाउन और लाइन लास से भी छुटकारा मिल जाएगा। अवर अभियंता अरुण यादव का कहना है कि बंथरा और गढ़िया रंगीन में भी 33 केवी के पावर हाउस बनाने के प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं। इससे क्षेत्र में बिजली के लिये आए दिन होने वाली हाय-तौबा पर रोक लग सकेगी।
प्रस्तावों को मंजूरी मिलने का इंतजार
‘दीनदयाल उपाध्याय ज्योति योजना के टेंडर हो चुके हैं। उन्हें मंजूरी और बजट मिलने पर ही नए सब स्टेशनों का निर्माण कार्य शुरू हो सकेगा।’
- आरएस प्रसाद, अधीक्षण अभियंता