बिजली संबंधी कामों को लेकर जिन उपभोक्ताओं को पॉवर सब स्टेशन जाने पर वहां के बाबुओं की दुत्कार सुननी पड़ती थी, उन्हीं कर्मचारियों ने उनके काम पुचकार के साथ किए। मौका था शनिवार को खिरनीबाग के जीआईसी मैदान पर प्रशासन की ओर से लगवाए गए बिजली के मेगा शिविर का। वहां विभिन्न कामों के लिए अलग-अलग तमाम दोहरे-तिहरे काउंटर बनाए गए थे। बिल संशोधन के तीनों काउंटरों पर सुबह से शाम तक भीड़ रही। इस तरह के शिविर अब ब्लाक स्तर पर लगेंगे।
प्रदेश स्तर पर 21 जनवरी से प्रस्तावित बिजली कनेक्शन चेकिंग अभियान से पहले शहरी और ग्रामीण बिजली उपभोक्ताओं को अपने कनेक्शन वैधता की श्रेणी में लाने का मौका देने के लिए डीएम शुभ्रा सक्सेना के निर्देश पर मेगा शिविर लगाया गया था। चेकिंग अभियान केनोडल अफसर बनाए गए एडीएम मुनेंद्र नाथ उपाध्याय ने एएसपी सिटी एपी सिंह, पॉवर कारपोरेशन के अधीक्षण अभियंता आरएस प्रसाद आदि अफसरों के साथ शिविर के उद्घाटन की औपचारिकता पूरी की।
बाद में एडीएम ने पंडाल में बैठकर वहां से बिल संशोधन, मीटर सुधार, नए कनेक्शन आदि कामों के लिए बनाए गए काउंटरों की मॉनीटरिंग की। एडीएम को बैठा देख वहां मौजूद एसई समेत अन्य अधिकारी भी वहां जमे रहे। इसका असर यह पड़ा कि काउंटरों पर बैठे कर्मचारियोें का बातचीत का लहजा जन सामान्य को काफी अलग नजर आया। लोधीपुर से आए मुस्तकीम हसन ने कहा भी कि बहादुरगंज सब स्टेशन गलत बिल ले जाने पर कोई सुनने वाला नहीं था, लेकिन यहां तीन-तीन लोग हाथ बढ़ा रहे हैं। शिविर में सिटी मजिस्ट्रेट कमलेश द्विवेदी, एक्सईएन एके शुक्ला व अशोक सुंदरम, एसडीओ इंद्रराज यादव व ब्रजेश गौतम, जेई शैलेंद्र पांडेय आदि मौजूद रहे।
14 लाख वसूले, 45 नए कनेक्शन दिए
मेगा शिविर में बिलों में संशोधन कराने पहुंचे करीब तीन सौ लोगों ने रीडिंग के सापेक्ष देय राशि में सुधार कराया। इन उपभोक्ताओं से करीब 14 लाख रुपये बकाया धनराशि जमा कराई गई। इसके साथ ही 45 नए कनेक्शन जारी कर 20 मीटर भी बदले गए। बताया गया कि 50 से अधिक उपभोक्ताओं ने मीटर बदलने को आवेदन किया, जो निस्तारण के लिए संबंधित एसडीओ को भेजे गए हैं।
34 करोड़ के देनदार हैं शहरी बाशिंदे
‘केवल शहर के बिजली उपभोक्ताओं पर लगभग 34 करोड़ रुपये बिजली राजस्व बकाया है। इस तरह के कैंप 20 जनवरी तक जारी रहेंगे। इसके बाद सख्ती से चेकिंग की जाएगी।’
- आरएस प्रसाद, अधीक्षण अभियंता, पॉवर कारपोरेशन
बिजली चोरी में 19 पर रिपोर्ट दर्ज
तिलहर। बिजली प्रवर्तन दल बरेली जोन के निरीक्षक केपी सिंह ने गांव राजनपुर में कटिया डाल कर बिजली चोरी करते 19 लोगों के खिलाफ विद्युत धारा 135 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कराया है।