फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: कोलाघाट के पक्के पुल से जल्द दौड़ेंगे हल्के चार पहिया वाहन

Sun, 26 Feb 2023 12:24 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
विज्ञापन
शनिवार को सेतु निगम के अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान कोलाघाट पुल की जांच करते कर्मचारी। संवाद
विज्ञापन
शाहजहांपुर। शाहजहांपुर-शमशाबाद-एटा स्टेट हाईवे पर जलालाबाद क्षेत्र मेें रामगंगा व बहगुल नदी पर बने कोलाघाट पुल से हल्के चार पहिया वाहन जल्द दौड़ने की उम्मीद है। करीब सवा साल पहले पुल टूट जाने से वाहनों का संचालन बंद है। पुल की मरम्मत के बाद लोक निर्माण विभाग ने तकनीकी जांच को नामित केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान (सीआरआरआई) की तीसरी और अंतिम जांच रिपोर्ट मिलने के बाद शनिवार को सेतु निगम के अधिकारियों ने स्वयं पुल की जांच कराकर उस पर यातायात शुरू कराने की संभावनाएं तलाशीं।
विज्ञापन

गत 29 नवंबर 2021 को लगभग 1800 मीटर लंबे पुल का एक पिलर धंस जाने से पुल तीन भागों में बंट गया था। जिससे कलान-मिर्जापुर क्षेत्र की कटरी में बसे करीब दो सौ गांवों के लोगों का जिला मुख्यालय से सीधा संपर्क टूट गया। क्षेत्र के बाशिंदों की आवागमन की समस्या को देखते हुए लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने ध्वस्त पुल की मरम्मत कराने के लिए सेतु निगम को छह माह का समय दिया था। सेतु निगम की बरेली इकाई ने इस दौरान पुल की मरम्मत का कार्य पूरा कर दिया, लेकिन कई तकनीकी खामियों से पक्के पुल से आवागमन शुरू नहीं हो सका। इस पर लोनिवि मंत्री के निर्देश पर पक्के पुल के समीप ही पैंटून पुल बनाया गया।
गत 25 दिसंबर 2021 को पैंटून पुल बनकर चालू हुआ, लेकिन रात के अंधेरे में भारी वाहनों के निकलने से आए दिन पैंटून पुल खराब होता रहता है। तब से चार बार पैंटून पुल क्षतिग्रस्त होने पर उस पर यातायात भी रोका जा चुका है। लोगों की समस्या को देखते आम आदमी पार्टी महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष तारा यादव और भाकियू जिला उपाध्यक्ष उदयवीर यादव ने पक्के पुल की मरम्मत के बाद भी दुपहिया वाहनों के निकलने पर रोक लगी होने के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया था। तब पक्के पल से दोपहिया वाहन तो निकलने लगे, लेकिन हल्के चार पहिया वाहनों पर अब भी रोक लगी हुई है।
विज्ञापन

इधर, सीआरआरआई की अंतिम रिपोर्ट मिलने पर शनिवार को सेतु निगम की टीम ने एक बार फिर कोलाघाट पुल के पिलर की जांच शुरू की तो क्षेत्र के लोगों में पक्के पुल पर यातायात जल्द शुरू होने की संभावना से खुशी की लहर दौड़ गई। सेतु निगम की टीम ने आज पुल के नीचे कई पिलर की खुदाई कर वहां से सैंपल लिए। जांच टीम का कहना है कि सीआरआरआई की अब सभी रिपोर्ट मिल चुकी हैं। इसलिए पुल से चार पहिया वाहन निकालने को विभागीय जांच की जा रही है।

वर्जन
कोलाघाट पुल पर सामान्य यातायात कब चालू होगा, इस बारे में अभी कुछ कहना मुश्किल है। हालांकि, सीआरआरआई की सभी रिपोर्ट आ गई हैं और इसीलिए पुल की अन्य कमियां जांचने को विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट निगम मुख्यालय से शासन को भेजी जाएगी। शासन से आदेश मिलने के बाद ही पुल पर चार पहिया वाहनों को निकलने की अनुमति दी जाएगी। - ब्रजेंद्र मौर्य, जिला परियोजना प्रबंधक, राज्य सेतु निर्माण निगम
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें