खुटार में मलिका के पास घूम रहा तेंदुआ। स्रोत : वीडियो ग्रैब
- फोटो : 1
खुटार। गांव मलिका और रजमना के पास घूम रहे तेंदुए का लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, लेकिन वनकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर जांच करने की जरूरत नहीं समझी। किसानों ने तेंदुए से खतरा जताते हुए पकड़वाए जाने की मांग की है। संवाद न्यूज एजेंसी वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
खुटार निवासी शिवम मिश्रा 26 मार्च की रात बरेली से खुटार आ रहे थे। गांव मलिका के पास उनको तेंदुआ जाता दिखा। शिवम ने तेंदुए का वीडियो बना लिया। इस बीच कुछ अन्य लोगों ने भी वाहन की लाइट में तेंदुए का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। जानकारी मिली तो गांव से तमाम लोग लाठी, डंडे लेकर खुटार बंडा रोड पर आ पहुंचे और शोर मचाया तो तेंदुआ गांव रजमना की ओर चला गया।
गांव के लोगों ने वनकर्मियों को भी तेंदुआ होने की जानकारी दी, लेकिन कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। वन दरोगा रोहित पांडे ने बताया कि एक व्यक्ति ने मोबाइल के कैमरे से तेंदुए की फोटो खींचकर इंटरनेट पर अपलोड की है, जो वायरल हो रही है। ग्रामीणों से उन्हें सटीक जानकारी नहीं मिल सकी है। इस कारण तेंदुए के पदचिह्नों को ट्रेस नहीं किया जा सका है। सही जानकारी मिलती है तो काम्बिंग कर तेंदुए की लोकेशन ट्रेस की जाएगी। देर शाम वनकर्मी क्षेत्र में पहुंचे और लोगों से सतर्क रहने की अपील की।
मलिका के पास तेंदुआ होने की जानकारी नहीं दी गई है। वनकर्मियों से जानकारी की जाएगी। तेंदुआ है तो वनकर्मी मौके पर जाकर जांच करेंगे।
-मनोज श्रीवास्तव, रेंजर खुटार