खुटार। गांव सहारू में सोमवार रात तेंदुआ कुत्ते को घर से खींच ले गया और मार डाला। मंगलवार को कुत्ते के शव के अवशेष मिले। तेंदुए के कारण गांव के लोगों में दहशत है।
सहारू निवासी तेजकुमार वर्मा ने बताया कि सोमवार रात उनके भाई वीरेंद्र वर्मा और रूपेंद्र वर्मा घर के बाहर सो रहे थे। पास में ही उनका पालतू कुत्ता भी मौजूद था। रात करीब 11:45 पर तेंदुआ खेतों की ओर से आया और कुत्ते पर हमला कर दिया। तेजकुमार के पौत्र उत्कर्ष वर्मा उर्फ लकी ने कुत्ते के भौंकने की आवाज सुनी तो वह बाहर आए। देखा कि तेंदुआ कुत्ते को खींचकर खेतों की ओर ले जा रहा था। लकी के शोर मचाने पर परिवार के लोग भी जाग गए और लाठी-डंडे लेकर घर के आसपास कुत्ते की तलाश शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका।
मंगलवार सुबह पूर्व प्रधान सतेंद्र कुमार के बाग के पास खड़ंजे पर कुत्ते के शव के अवशेष पड़े मिले। तेजकुमार की सूचना पर वन दरोगा राघव मिश्रा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पगमार्क ट्रेस किए। वनकर्मियों ने तेंदुआ होने की पुष्टि की है। वनकर्मियों ने गांव के लोगों से देर शाम और सुबह जल्दी खेतों पर न जाने की अपील की है। रेंजर मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि टीम मौके पर गई थी। जांच कराई जा रही है।