खुटार। गांव महुआ पिमई में सोमवार रात तेंदुए ने पालतू कुत्ते को मार डाला। सूचना पर वन कर्मियों ने मौका मुआयना कर तेंदुए के पगमार्क ट्रेस किए हैं।
महुआ पिमई गांव के किनारे नक्षत्रपाल सिंह का फार्म हाउस है। सोमवार रात लगभग दस बजे उनका पालतू पिटबुल कुत्ता झाले के गेट पर टहल रहा था। इस बीच खेत की ओर से आए तेंदुए ने कुत्ते को गर्दन से पकड़ लिया और खींचकर खेत में ले गया। कुत्ते के चिल्लाने की आवाज सुनकर नक्षत्रपाल सिंह और उनके परिजनों ने उठकर शोर मचाया लेकिन तेंदुए ने कुत्ते को नहीं छोड़ा। इसके बाद ट्रैक्टर स्टार्ट कर तेंदुए की ओर ले जाया गया, तब तेंदुआ कुत्ते को छोड़कर खेत में चला गया। इस बीच कुत्ते की मौत हो चुकी थी।
नक्षत्रपाल सिंह के परिजनों का शोर सुनकर गांव के तमाम लोग भी लाठी-डंडे लेकर मौके पर आ पहुंचे। तेंदुआ होने की सूचना रेंजर मनोज श्रीवास्तव को दी गई। रेंजर के निर्देश पर वन दरोगा प्रभात कुमार ने मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। जांच के बाद वन विभाग की टीम लोगों को सतर्क रहने और अकेले खेत पर न जाने की हिदायत देकर लौट गई।
गांव के लोगों का कहना है कि तेंदुआ कई दिनों से गांव के किनारे ही घूम रहा है। वनकर्मियों को कई बार सूचना दी गई, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे कभी भी बड़ी घटना हो सकती है। रेंजर ने बताया कि टीम मौके पर गई थी। तेंदुए की लोकेशन ली जा रही है।