सेहरामऊ दक्षिणी (शाहजहांपुर)। जुम्मनपुरवा गांव के संपर्क मार्ग के किनारे खेत में शुक्रवार सुबह एक वयस्क तेंदुए का शव मिला। मृत तेंदुए के कूल्हे पर गहरा निशान मिला। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में करंट लगने से मौत की पुष्टि हुई है। तेंदुए को करंट कैसे लगा, वन विभाग इसकी जांच कर रहा है।
सेहरामऊ दक्षिणी से जुम्मनपुरवा की ओर जाने वाले मार्ग पर आनंद प्रकाश सिंह उर्फ मटोल सिंह के गन्ने के खेत में शुक्रवार को सुबह कुछ लोग गन्ना छीलने के लिए पहुंचे, तो वहां तेंदुए का शव देखा। लोगों ने वन विभाग और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर वन क्षेत्राधिकारी सदर शत्रुघ्न प्रसाद टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
वन विभाग की टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि इससे पहले क्षेत्र में कभी कोई तेंदुआ नहीं देखा गया। वन विभाग भी फिलहाल यह बता पाने की स्थिति में नहीं है कि तेंदुआ वहां कैसे पहुंचा। डीएफओ सचिन कुमार ने बताया कि तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर सदर चिकित्सालय में उसका तीन डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमाॅर्टम कराया गया है।
रिपोर्ट में करंट से मौत होने की बात सामने आई है। तेंदुए को पास रखे ट्रांसफाॅर्मर से या पेड़ पर चढ़ने के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से करंट लगने की आशंका है लेकिन यह जांच के बाद स्पष्ट होगा कि वास्तव में क्या हुआ होगा। फिलहाल मामले की जांच के लिए टीम को लगाया गया है।
-
बड़ा सवाल : 40 किलोमीटर तक नहीं जंगल, कहां से आया तेंदुआ
शाहजहांपुर। सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र में जहां तेंदुए का शव मिला है, वहां आसपास न तो कोई पदचिह्न देखे गए और न ही विगत दिनों तेंदुए की कोई गतिविधि देखी गई। ऐसे में तेंदुआ वहां कैसे आया, यह सवाल बना हुआ है। आसपास लगभग 40 किलोमीटर तक न ही कोई जंगल का क्षेत्र है। हरदोई की सीमा में शाहबाद और उधरनपुर में भी जंगल का इलाका नहीं है। वन विभाग इस संबंध में जांच कर रहा है।
शुक्रवार को सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के जुम्मनपुरवा मार्ग पर तेंदुए का शव मिलने के बाद पहुंची वन विभाग की टीम ने उसके पदचिह्न तलाशे। खेत पर कोई भी पदचिह्न नहीं मिला। इसके बाद पेड़ों की भी छानबीन की गई। किसी भी पेड़ पर निशान नहीं मिले। वहीं, जनपद की खुटार रेंज का जंगल लगभग 40 से 50 किलोमीटर और कैंट इलाका भी काफी दूरी पर है। इसके अलावा विभागीय पूछताछ में आसपास के गांवों में भी तेंदुआ देखे जाने की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई।
बहरहाल वन विभाग प्रत्येक बिंदु पर जांच कर रहा है। डीएफओ सचिन कुमार ने बताया कि विभागीय टीम को जांच के लिए निर्देशित किया गया है। आसपास के गांवों में भी पूछताछ की जा रही है। प्रत्येक संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। जांच के बाद ही तथ्य सामने आ सकेंगे। संवाद