खुटार की महोलिया वीरान गोशाला के पास तेंदुआ आने की जांच करते रेंजर। संवाद
खुटार। गांव महोलिया वीरान गोशाला के पास रविवार सुबह तेंदुआ देखे जाने की सूचना पर रेंजर ने वनकर्मियों के साथ मौका मुआयना किया। पगमार्क भी ट्रेस किए।
महोलिया गोशाला में 25 अक्तूबर की रात तेंदुआ दीवार फांदकर अंदर आ गया था और तीन गायों को मार डाला था। सूचना पर रेंजर मनोज श्रीवास्तव ने भी मौका मुआयना किया था और गोशाला के पास पिंजरा भी लगाया गया था, लेकिन तेंदुआ पिंजरे के पास नहीं आया। 30 अक्तूबर को एसडीएम चित्रा निर्वाल ने भी मौके पर जाकर गोशाला में रोशनी और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए थे।
इसके बाद से तेंदुआ नहीं देखा गया। रविवार तड़के तेंदुआ फिर गोशाला के पास देखा गया। ग्वालों ने मामले की जानकारी वनकर्मियों को दी। इसके बाद रेंजर मनोज श्रीवास्तव टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों ने जानकारी लेने के बाद तेंदुए के पगमार्क ट्रेस किए।
रेंजर ने बताया कि तेंदुआ गोमती नदी किनारे जंगल की ओर चला गया है। रेंजर ने बताया कि जांच में पता चला है कि तेंदुआ खुटार रेंज के बिलंदापुर क्षेत्र के जंगल से गोशाला तक आ जाता है। वनकर्मियों की टीम को तेंदुए की गतिविधि पर नजर रखने के लिए कहा गया है। ग्वालों और आसपास के किसानों को भी जागरूक किया गया है।