पुवायां के गांव जनकापुर में महेंद्र के घर चोरी की जांच करती पुलिस। संवाद
पुवायां। गांव जनकापुर निवासी महेंद्र के घर से चोर लगभग तीन लाख रुपये के नकदी-जेवर चोरी कर ले गए। महेंद्र ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
महेंद्र ने बताया कि वह परिवार सहित बाहर गए थे। घर पर ताला पड़ा था। शनिवार रात चोर जीने के रास्ते से घर में घुस आए और ताला तोड़कर अलमारी में रखा सोने का हार, झुमकी आदि जेवर और कुछ नकदी चोरी कर ले गए। रविवार को घर आने पर चोरी का पता चल सका।
महेंद्र के घर चोरी की जानकारी पाकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और घर के पास कच्ची जमीन पर पैरों के निशान आदि तलाश किए। लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त करने नहीं आती। इसके बाद महेंद्र ने पुवायां पहुंचकर तहरीर दी। सूचना पर पुलिस गांव पहुंची और चोरी में गए सामान के बारे में जानकारी लेकर मुआयना भी किया। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
गल्ला आढ़ती के गोदाम में हुई चोरी की रिपोर्ट दर्ज
शाहजहांपुर। मदनापुर थाने में बरखेड़ा जयपाल गांव निवासी दिवलेश कुमार ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया है कि उनकी बाला जी ट्रेडर्स के नाम से ग्राम बरखेड़ा जयपाल में ही गल्ले की आढ़त है। एक नवंबर की रात चोरों ने गोदाम के पीछे से नकब लगाई। इसके बाद गोदाम से तिली और सरसों का तेल चोरी कर लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक विश्वजीत प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। संवाद