रोजा में थाना दिवस पर काली पट्टी बांधकर पहुंचे लेखपाल। संवाद
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर शनिवार को जिलेभर में लेखपालों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। रोजा, पुवायां, बंडा, खुटार, सिंधौली और तिलहर में लेखपाल थाना दिवस में भी काली पट्टी बांधकर शामिल हुए।
लेखपाल संघ के जिला मंत्री उग्रसेन और तहसील अध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि 2800 ग्रेड पे, मंडलीय स्थानांतरण, वेतन विसंगति दूर करने और यात्रा भत्ता बढ़ाने समेत आठ सूत्री मांगों को लेकर विरोध किया जा रहा है। आठ अक्तूबर से ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार किया जा रहा है। मांगें पूरी न होने पर 12 अक्तूबर को रक्तदान, 14 अक्तूबर को बाइक रैली और 17 अक्तूबर से कार्य बहिष्कार व धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है।
रोजा थाना दिवस में जमीन संबंधी चार शिकायतें आईं। दो का मौके पर निस्तारण हुआ, जबकि दो मामलों के लिए राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीमें भेजी गईं। तिलहर में दो शिकायतें आईं, जिनमें मारपीट के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई। संवाद