इस्लामिया इंटर कॉलेज में केंद्र से बाहर निकलते अभ्यर्थी। संवाद
शाहजहांपुर। प्रवक्ता परीक्षा रविवार को 13 केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से हो गई। परीक्षा के दौरान इतिहास के कठिन सवालों ने अभ्यर्थियों को काफी परेशान किया। अहम बात यह है कि पंजीकृत 5276 में मात्र 1516 उपस्थित हुए और 3760 ने परीक्षा से दूरी बना ली। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।
रविवार की सुबह प्रवक्ता परीक्षा जीआईसी, इस्लामिया कॉलेज, एबी रिच कॉलेज, देवी प्रसाद कॉलेज, आर्य महिला इंटर कॉलेज, हर कुमार पाठक कॉलेज समेत 13 केंद्रों पर प्रारंभ हुई। लखनऊ, सीतापुर आदि से आए अभ्यर्थियों की परीक्षा प्रारंभ होने से पहले सघन तलाशी ली गई। इस बीच कोई भी अभ्यर्थी अनुचित सामग्री के साथ नहीं पकड़ा गया।
परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्र से बाहर निकले अभ्यर्थियों के चेहरे खुशी से खिले थे। लखनऊ से आईं पारुल ने बताया कि परीक्षा में अधिकतर सवाल आसान थे, लेकिन इतिहास के प्रश्नाें ने काफी परेशान किया। इतिहास खंड ने अभ्यर्थियों को खूब छकाया।
परीक्षा के दौरान एडीएम प्रशासन रजनीश मिश्रा, एसपी देहात दीक्षा भांवरे अरुण और सीओ सिटी पंकज पंत ने केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने सीसी कैमरे वाला कंट्रोल रूम की व्यवस्था को परखा।